छत्तीसगढ़

ओमनी कार से लाखों के चांदी की पायल जब्त, बंगाल के 5 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
18 May 2026 9:09 PM IST
ओमनी कार से लाखों के चांदी की पायल जब्त, बंगाल के 5 आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Sarguja. सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में गांधीनगर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध ओमनी कार से भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद किया है। पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान 110 स्मार्टफोन, 650 कीपैड मोबाइल और करीब 95.500 किलोग्राम धातु (चांदी) की पायल जब्त की है। बरामद सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर कार में सवार पांच लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर की गई।

सूचना मिली थी कि एक ग्रे रंग की ओमनी कार में कुछ लोग हाट-बाजारों से चोरी किए गए या अवैध रूप से जुटाए गए मोबाइल फोन लेकर दूसरे राज्य में बेचने की तैयारी में हैं। साथ ही इन मोबाइल फोन का उपयोग साइबर फ्रॉड और अन्य आपराधिक गतिविधियों में किए जाने की आशंका भी जताई गई थी। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बनारस रोड पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध ओमनी कार क्रमांक डब्ल्यूबी 58 बीपी 8233 को रोका गया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसके भीतर प्लास्टिक की बोरियों में बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और चांदी की पायल रखी हुई मिली।

जांच के दौरान कार में मौजूद लोगों से सामान से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सेन्तु शेख (26 वर्ष), गफ्फार शेख (28 वर्ष), असिम शेख (23 वर्ष), इब्राहिम शेख (30 वर्ष) और माशदुल शेख (37 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के हरिहरपाड़ा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद मोबाइल फोन और चांदी की पायल की वास्तविक खरीद-बिक्री और इनके स्रोत की जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि यह सामान चोरी, अवैध खरीद-बिक्री या साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।

इस मामले में अन्य राज्यों से जुड़े कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। गांधीनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 317(3) और 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 2283/2026 दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह किन क्षेत्रों में सक्रिय था और किन लोगों से इसका संपर्क था। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी के साथ सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दूबे, आरक्षक राहुल सिंह, रमन मंडल, घनश्याम देवांगन, सत्यम सिंह और सुल्तान अहमद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों और साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में ऐसे मामलों के खिलाफ और सख्त अभियान चलाया जाएगा।
Next Story