रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है। मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु शेखर का नाम सामने आया था। ईडी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर ने अपना मामला रफा-दफा कराने के लिए हिमांशु शेखर को 15 करोड़ रुपये देने का खुलासा किया है।
जानकारी के मुताबिक, ईडी ने सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लिया था। 19 नवंबर तक चली पूछताछ के दौरान सौरभ ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपने खिलाफ चल रहे मामले को रफा-दफा कराने के लिए वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को 15 करोड़ रुपये दिए थे।
पूछताछ में यह बात भी सामने आई कि हिमांशु शेखर ने पिछले तीन वर्षों के दौरान दुबई में सौरभ चंद्राकर से कई बार मुलाकात की थी। इन खुलासों के बाद ईडी ने हिमांशु शेखर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। इसी बीच हिमांशु शेखर के दुबई जाने की जानकारी मिलने पर उसे मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया। इसके बाद ईडी ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मामले में देर रात विशेष पीएमएलए कोर्ट की कार्यवाही हुई। ईडी ने हिमांशु शेखर को रायपुर की अदालत में पेश कर सात दिन की रिमांड का आवेदन लगाया है। फिलहाल अदालत के फैसले का इंतजार है। इस गिरफ्तारी के बाद महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में जांच का दायरा और बढ़ गया है। ईडी अब कथित तौर पर दी गई 15 करोड़ रुपये की रकम और सौरभ चंद्राकर तथा हिमांशु शेखर के बीच हुई मुलाकातों से जुड़े पहलुओं की जांच कर सकती है।