महिला कांग्रेस की नई नियुक्तियां! सियासी संतुलन की झलक; रायपुर-बिलासपुर में साधे सामाजिक समीकरण देखें List
गुटीय और जातिगत संतुलन की चर्चा
रायपुर : रायपुर। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस में नई नियुक्तियों के साथ प्रदेश की राजनीति में संगठनात्मक और सामाजिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मंजूरी के बाद जारी नियुक्ति आदेश प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष संगीता सिन्हा को भेजा गया है। नई सूची को संगठन के विस्तार के साथ क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, सामाजिक भागीदारी और पार्टी के भीतर विभिन्न राजनीतिक खेमों के बीच संतुलन स्थापित करने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
नई नियुक्तियों के क्या हैं सियासी मायने?
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं के प्रभाव और अलग-अलग राजनीतिक खेमों को लेकर समय-समय पर चर्चाएं होती रही हैं। महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष संगीता सिन्हा को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी नेताओं में गिना जाता रहा है। ऐसे में महिला कांग्रेस की नई नियुक्तियों के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, पदाधिकारियों के चयन में स्थानीय स्तर पर सक्रियता, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और सामाजिक संतुलन जैसे पहलुओं को महत्व दिया गया है। हालांकि, किन नियुक्तियों के पीछे किस वरिष्ठ नेता की भूमिका रही है, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। आने वाले समय में संगठन की बैठकों और राजनीतिक गतिविधियों के दौरान नए नेतृत्व की भूमिका अधिक स्पष्ट हो सकती है।
रायपुर और बिलासपुर में शहरी-ग्रामीण नेतृत्व का अलग समीकरण
राजधानी रायपुर और न्यायधानी बिलासपुर की महिला कांग्रेस इकाइयों में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इन दोनों जिलों में विभिन्न सामाजिक वर्गों से आने वाली महिला नेताओं को जिम्मेदारी मिलने के बाद संगठन की रणनीति को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बिलासपुर शहर महिला कांग्रेस की जिम्मेदारी अन्य पिछड़ा वर्ग से आने वाली प्रीति पाटनवार को दी गई है। वहीं, ग्रामीण इकाई का नेतृत्व सामान्य वर्ग से आने वाली सीमा पांडेय को सौंपा गया है। इन नियुक्तियों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग सामाजिक वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
निष्कासन समाप्त होने के बाद सीमा पांडेय को बड़ी जिम्मेदारी
बिलासपुर ग्रामीण महिला कांग्रेस की नवनियुक्त अध्यक्ष सीमा पांडेय की संगठन में वापसी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। कुछ महीने पहले ही पार्टी से उनका निष्कासन समाप्त हुआ था। अब उन्हें जिला स्तर पर नेतृत्व की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। निष्कासन समाप्त होने के कुछ समय बाद ही जिलाध्यक्ष पद पर उनकी नियुक्ति को संगठनात्मक लिहाज से अहम माना जा रहा है।
रायपुर में प्रगति बाजपेयी और बरखा साहू को कमान
राजधानी रायपुर में महिला कांग्रेस ने बिलासपुर से अलग सामाजिक प्रतिनिधित्व का स्वरूप अपनाया है। रायपुर शहर की जिम्मेदारी सामान्य वर्ग से आने वाली प्रगति बाजपेयी को सौंपी गई है। उन्हें शहरी और मध्यमवर्गीय राजनीति में सक्रिय चेहरा माना जाता है। वहीं, रायपुर ग्रामीण महिला कांग्रेस का नेतृत्व बरखा साहू को दिया गया है। उनकी नियुक्ति को ग्रामीण क्षेत्रों में साहू समाज के प्रतिनिधित्व से जोड़कर देखा जा रहा है।
महिला कांग्रेस की नई नियुक्तियों में संगठनात्मक सक्रियता के साथ सामाजिक प्रतिनिधित्व की झलक दिखाई दे रही है। हालांकि, इन नियुक्तियों के पीछे जातिगत या गुटीय रणनीति होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नई पदाधिकारियों की आगामी गतिविधियों से संगठनात्मक बदलाव का प्रभाव स्पष्ट होगा।