Bihar बिहार: पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना घटी, जहाँ एक युवक नहर में डूब गया। मृतक की पहचान रियादपुर गाँव निवासी नागेश्वर यादव के 17 वर्षीय पुत्र निक्कू कुमार के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, निक्कू माँ काली मंदिर से पूजा-अर्चना कर घर लौट रहा था। नहर पार करते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में डूब गया। वह तेज़ बहाव में बह गया और बाहर नहीं निकल सका। पास में मछली पकड़ रहे लोगों ने उसे डूबते देखा और शोर मचाया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। परिजनों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी।
थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद निक्कू का शव नहर से निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से गाँव में मातम का माहौल है और परिवार गमगीन है।