Bihar News: बेतिया में आग लगने से दो घर जलकर राख हो गए। इस घटना में घर में सो रहे छह वर्षीय बच्चे की झुलसकर मौत हो गई। घटना मंगलवार की शाम की है, जबकि आग बुझाने के दौरान दो अन्य लोग भी झुलस कर घायल हो गए। घटना शिकारपुर थाना क्षेत्र के कर चौरबाल गांव की है। मृत बच्चे की पहचान बृजेश राम के पुत्र सूरज कुमार (6) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि चौरबाल गांव निवासी बृजेश राम के घर में अचानक आग लग गई। जब तक परिजन कुछ समझ पाते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घर में सो रहा छह वर्षीय बच्चा आग से घिर गया। लोग आग बुझाने में जुटे थे और दूसरी ओर आग से घिरा बच्चा आग में जिंदा जल गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की खबर गांव में फैल गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया लेकिन असफल रहे। आग बुझाने के प्रयास में दो अन्य लोग भी झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस, दमकल विभाग की टीम और ग्रामीणों ने अथक प्रयास से आग पर काबू पाया। तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया और एक छह साल के बच्चे की जलने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।