भागलपुर: जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र के गंगटी में शुक्रवार की शाम नाली निर्माण के दौरान दीवार में ड्रिल करने को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस विवाद में धक्का लगने से एक 60 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान संजीव यादव की मां सुशीला देवी के रूप में हुई है।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपित (मनकी देवी) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपित सुबोध यादव समेत अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। वरीय पुलिस अधीक्षक के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम करीब सात बजे की है। सुबोध यादव और संजीव यादव के परिवारों के बीच नाली निर्माण के दौरान दीवार में ड्रिल करने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी।

इसी दौरान सुशीला देवी को जोरदार धक्का लगा और वह सीधे दीवार से जा टकराईं। दीवार में लगी ईंट के नुकीले कोने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और अत्यधिक खून बहने लगा। गंभीर रूप से जख्मी महिला को परिजनों द्वारा तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपितों ने सुशीला देवी का सिर पकड़कर दीवार पर पटक दिया था।

घटना की सूचना मिलते ही बबरगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पीड़ित पक्ष से मिले आवेदन के आधार पर सुबोध यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार महिला आरोपित से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Tags: