भारत

लाश चोरी मामले में तांत्रिक अरेस्ट, 2 मददगार भी पकड़े गए

Nilmani Pal
5 March 2025 7:53 AM IST
लाश चोरी मामले में तांत्रिक अरेस्ट, 2 मददगार भी पकड़े गए
x
पढ़े पूरी खबर

मध्य प्रदेश। उज्जैन में काला जादू और तंत्र-मंत्र का सनसनीखेज मामला सामने आया है. अमीर बनने के लालच में तांत्रिकों ने कब्रिस्तान में घुसकर एक शव को कब्र से निकाल लिया. घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह ग्रामीणों ने कब्र खुदी हुई देखी और पुलिस को सूचना दी. जांच में सामने आया कि तांत्रिक विधि के लिए शव को निकाला गया था. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो राजस्थान के बांसवाड़ा के रहने वाले हैं.

जानकारी के अनुसार, यह मामला उज्जैन के खाचरौद थाना क्षेत्र का है. रातोंरात अमीर बनने की ख्वाहिश में कुछ लोग काला जादू और तंत्र-मंत्र के चक्कर में पड़ गए. यहां चांपाखेड़ा पुलिस चौकी के गांव डोडिया में 25 फरवरी की रात एक शव को कब्र से निकाला गया. गांव डोडिया में रहने वाले कचरु पुत्र मांगीलाल चंद्रवंशी ने शिवरात्रि से एक दिन पहले अपने घर कुछ तांत्रिकों बुलाया.

उसी रात कब्रिस्तान में से शव निकाला गया. सुबह ग्रामीणों ने जब कब्रिस्तान में कब्रों पर गढ्ढे देखे तो वे भी डर गए. कब्र की खुदाई की जानकारी परिजनों के साथ ही पुलिस को दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए टीआई धनसिंह मौके पर पहुंचे और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. इसी के साथ पुलिस ने गांव में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला. फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को चिह्नित किया और उन्हें अरेस्ट कर लिया. पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों में डोडिया गांव के एक व्यक्ति के साथ दो बाहरी लोग भी हैं, जो बांसवाड़ा राजस्थान के रहने वाले हैं. पुलिस ने मानव कंकाल के साथ छेड़छाड़ सहित अन्य आरोपों में कार्रवाई की है. पुलिस ने पुराने कुएं में सर्चिंग करते हुए नर कंकाल भी बरामद किए हैं.

Next Story