Bihar बिहार: बिहार के सारण जिले में सोमवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जिसमें तीन महिलाएं शामिल हैं. वहीं करीब 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. घटना छपरा-हाजीपुर नेशनल हाईवे 19 पर नयागांव थाना क्षेत्र के बाजितपुर फोरलेन के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मक्का लादकर एक पिकअप वैन दिघवारा से हाजीपुर जा रही थी. तेज रफ्तार से चल रही गाड़ी का अचानक एक पहिया फट गया, जिससे वह असंतुलित होकर सड़क पर पलट गई. पलटने के साथ ही पिकअप में बैठे लोग सड़क पर बिखर गए|
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सड़क पर मक्के की भारी बोरियां भी बिखर गईं, जिसके नीचे कई लोग दबे हुए थे. राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी. आनन-फानन में पुलिस की टीम पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
घायलों को पहले सोनपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को तत्काल पटना रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं, जिनकी पहचान की जा रही है। घायलों में कई लोग एक ही गांव के बताए जा रहे हैं। सभी लोग मकई भूनने के लिए हाजीपुर जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया।