अररिया। बिहार के अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में शराब से लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक में बड़ी मात्रा में शराब की बोतलें होने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते लोगों के बीच शराब की बोतलें उठाने की होड़ मच गई। इनमें महिला और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
घटना रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहट टोल टैक्स के पास की है। बताया जा रहा है कि शराब लेकर जा रहा ट्रक यहां दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक का ड्राइवर और खलासी मौके से फरार हो गए। दुर्घटना के कारण शराब की कई बोतलें सड़क पर बिखर गईं। इसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचने लगे।
कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जमा हो गए। लोगों ने सड़क पर पड़ी शराब की बोतलें समेटनी शुरू कर दीं। इसके बाद कई लोग ट्रक में रखी शराब भी निकालकर ले जाने लगे। शराब लूटने के लिए लोगों के बीच होड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान महिला और बच्चे भी बोतलें उठाते दिखाई दिए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोगों को हटाया गया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक में कितनी मात्रा में शराब लदी थी और इसे कहां से लाया जा रहा था।
मामले को लेकर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि घटना से जुड़े वीडियो फुटेज की जांच की जाएगी। फुटेज के आधार पर शराब की बोतलें लूटकर ले जाने वाले लोगों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Tags: