तड़का मार कर ऐसे बनाएं कर्ड राइस, गर्मी में पेट रहेगा कूल

Update: 2024-05-08 05:23 GMT
लाइफस्टाइल : साउथ इंडियन खाना सभी को खूब पसंद आता है। एक तो ये कम मेहनत में जल्दी तैयार हो जाते हैं और साथ ही लाइट और हेल्दी भी होते हैं। यही वजह है कि साउथ इंडियन फ़ूड अब सिर्फ़ दक्षिणी भारत में ही नहीं बल्कि देश के दूसरे हिस्सों और यहाँ तक की विदेशों में भी पहुँच चुका है। लेकिन आज हम इडली, डोसा, उत्तपम, सांभर, रसम की नहीं बल्कि इनसे अलग कर्ड राइस की बात कर रहे हैं। जी हाँ, यह कर्ड राइस गर्मियों में लंच या डिनर के लिए बहुत ही बढ़िया डिश है। शायद आपने इसको पहले ट्राय भी किया होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं अपने इन पसंदीदा कर्ड राइस को आप कुछ आसान तरीक़ों से दिखने में बहुत ही टेम्प्टिंग और खाने में बहुत टेस्टी बना सकते हैं। हम आपको इसके लिए कुछ ख़ास तरीक़े बताते हैं। जानते हैं इन तरीक़ों के बारे में-
ठंडा-ठंडा सर्व करें
कर्ड राइस हमेशा ठंडा ही अच्छा लगता है। इसलिए हमेशा चावल पहले से बनाकर रखें। जब अच्छे से ठंडे हो जायें तब इसमें ठंडा दही डालें और फिर तड़का लगाएं।
घी से लगाएं तड़का
तड़का लगाने के लिए तेल की जगह घी का इस्तेमाल करने की कोशिश करें। इससे कर्ड राइस में महक बहुत अच्छी आती है। आमतौर पर तड़का लगाने के लिए राई, सूखी लाल मिर्च और मीठी नीम का उपयोग होता है लेकिन आप इसमें थोड़ी हींग, जीरा और चना दाल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपके कर्ड राइस को एक अलग ही फ्लेवर मिलेगा।
नट्स से सजाएं
नट्स से किसी भी डिश का स्वाद बढ़ जाता है। जी हाँ, आप कर्ड राइस में भी काजू, किशमिश या बादाम मिला सकते हैं। चाहें तो मूँगफली को रोस्ट करके इसको ऊपर से डाल सकते हैं। इससे कर्ड राइस को देखते ही खाने का मन करने लगेगा।
फ्रूट्स का करें इस्तेमाल
अभी तक शायद आपने कर्ड राइस की गार्निशिंग के लिए फ्रूट्स का इस्तेमाल नहीं किया होगा। लेकिन, इस बार आप इन्हें कर्ड राइस का हिस्सा ज़रूर बनायें। अनार के दानों और अंगूर से गार्निशिंग करने से कर्ड राइस की ख़ूबसूरती और टेस्ट दोनों ही डबल हो जाएँगे। चाहें तो पाइनएप्पल का भी उपयोग कर सकते हैं। इससे कर्ड राइस में एक अच्छा सा थोड़ा मीठापन भी आ जाएगा।
कर्ड चिली के साथ खायें
अधिकांश लोग कर्ड राइस को अचार या पापड़ के साथ खाते हैं लेकिन आप इस बार इसको कर्ड चिली साथ ट्राय करें। आप देखेंगे कि कर्ड राइस का ऐसा टेस्ट आपको पहले कभी नहीं मिला होगा। कर्ड चिली को दही के बैटर में भिगोकर धूप में सुखाकर प्रिज़र्व कर लिया जाता है। ज़रूरत होने पर इसको तेल में ब्राउन कलर होने तक फ्राई करें।
Tags:    

Similar News