Healthy Noodles Recipe: नूडल्स एक ऐसी डिश है, जिसे बच्चे से लेकर बड़े तक खूब चाव से खाते हैं लेकिन ये काफी अनहेल्दी होती है। इसी के चलते हम आपको आज हेल्दी नूडल्स बनाने की विधि बताने जा रहे हैं, ताकि आप अपने परिवार के लिए भी स्वादिष्ट और हेल्दी नूडल्स बना सकें।
हेल्दी नूडल्स बनाने का सामान
गेहूं या मल्टीग्रेन नूडल्स– 1 कप
गाजर – ½ कप
शिमला मिर्च – ½ कप
बीन्स – ¼ कप
पत्ता गोभी – ½ कप
स्वीट कॉर्न – ¼ कप
टमाटर प्यूरी – 2 टेबलस्पून
लहसुन – 2-3 कलियां
प्याज – ½ कप
सोया सॉस – 1 टेबलस्पून
टमाटर सॉस – 1 टेबलस्पून
ऑलिव ऑयल या घी – 1 टेबलस्पून
नमक – स्वादानुसार
काली मिर्च पाउडर – ¼ टीस्पून
ओरिगैनो / मिक्स हर्ब्स – ½ टीस्पून
हेल्दी नूडल्स बनाने के लिए सबसे पहले आपको सही नूडल्स का चयन करना है। इसके लिए मैदे से बनी नूडल्स की जगह आटा या फिर मल्टीग्रेन नूडल्स का इस्तेमाल करें। इसे लेकर सबसे पहले पानी में डालकर उबालना है। नूडल्स को उबालने के लिए पानी में थोड़ा सा तेल और नमक अवश्य डालें। पानी में पड़ा तेल नूडल्स को चिपकने नहीं देगा।
5 मिनट नूडल्स को उबलने के बाद इसे छानकर अलग निकाल लें। पानी से छानने के बाद नूडल्स में थोड़ा सा तेल लगा लें, ताकि ये चिपके नहीं।
अब बारी आती है सब्जियों को तैयार करने की तो इसके लिए सबसे पहले एक पैन में थोड़ा सा घी या ऑलिव ऑयल डालें। अब इसमें लहसुन और प्याज डालकर फ्राई करें। ये प्याज जब सुनहरा हो जाए तो सभी सब्जियों को एक साथ पैन में डालें और अच्छी तरह से फ्राई करें।
अब इसमें सोया सॉस, टमाटर प्यूरी, टमाटर सॉस, नमक, काली मिर्च और हर्ब्स डालें। अब सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें और फिर 1-2 मिनट तक पकने दें। अब उबले हुए नूडल्स डालें और अच्छे से टॉस करें ताकि सारे फ्लेवर अच्छी तरह मिक्स हो जाएं। अब दो से तीन मिनट इसे ढक के रख दें और फिर गरम-गरम परोसें।