Hair Care: बिजी लाइफस्टाइल खराब खानपान और स्ट्रेस के कारण आजकल बहुत से लोग हेयरफॉल की समस्या से जूझ रहे हैं. अगर लंबे समय से आपके बाल लगातार झड़ रहे हैं तो यह गंजेपन की ओर भी इशारा कर सकता है. हेयरफॉल से राहत पाने के लिए लोग अक्सर केमिकल से बने उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं, जो कभी-कभी बालों को और ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं. ऐसे में आप घरेलू नुस्खे भी आजमां सकते हैं जो आपके बालों के लिए सुरक्षित और असरदार हो सकते हैं. प्याज का रस इस समस्या से निपटने में बेहद प्रभावी है क्योंकि इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं जो बालों को मजबूत और घना बनाते हैं. प्याज का रस आपके बालों को भरपूर पोषण देता है और जड़ों से मजबूत बनाता है. आइए जानते हैं प्याज के रस का उपयोग करने का सही तरीका|
प्याज का रस और नारियल तेल:
अगर आप बालों का झड़ना रोकना चाहते हैं तो नारियल तेल और प्याज के रस का मिश्रण एक बेहतरीन घरेलू उपाय है. प्याज में एंटीऑक्सीडेंट, एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण होते हैं जो बालों की जड़ों को पोषण प्रदान करते हैं और उनका झड़ना कम करते हैं. यह बालों को जड़ों से मजबूत बनाता है और बाल घने होते हैं. इसके लिए आप अपने बालों की लंबाई के अनुसार प्याज का रस लें और इसमें 1 से 2 चम्मच नारियल का तेल मिलाकर अच्छी तरह से बालों की जड़ों में लगाएं. इस मिश्रण को 30 से 45 मिनट तक बालों में लगाए रखें फिर शैम्पू से अच्छे से धो लें. यदि आप यह उपचार 2 से 3 हफ्तों तक नियमित रूप से करते हैं तो आपको अच्छे परिणाम मिल सकते हैं|
प्याज का रस और एलोवेरा जेल:
प्याज का रस और एलोवेरा जेल का मिश्रण लगाने से आपके झड़ते बाल रुक सकतें हैं. एलोवेरा में एंटीऑक्सीडेंट गुण होता है जो बालों को बढ़ाने में और स्कैल्प को हाइड्रेट रखने में मदद करता है. इसके लिए आप 3 से 4 चम्मच प्याज के रस में 1से 2 चम्मच एलोवेरा जेल मिलाकर आधे घंटे के लिए हफ्ते में 2 बार लगाएं. यह आपके बालों को लंबा घना रखेगा और मुलायम भी बनाएगा.
प्याज का रस और मेथी का पेस्ट:
अगर आपको बालों में डैंड्रफ और झड़ने की समस्या है तो यह आसान नुस्खा आपके लिए फायदेमंद हो सकता है. इसके लिए 2 चम्मच मेथी को रात भर पानी में भिगोकर रखें और सुबह इसे अच्छे से पीस लें. अब इस पेस्ट में 1 से 2 चम्मच प्याज का रस मिलाकर अच्छे से मिक्स करें. इस मिश्रण को बालों की जड़ों में 30 से 45 मिनट के लिए लगाकर छोड़ दें. फिर शैम्पू से बालों को अच्छे से धो लें. इसे हफ्ते में कम से कम एक बार जरूर इस्तेमाल करें. इससे आपके बाल मजबूत होंगे और उनमें चमक बनी रहेगी|