भारत

Weather: हिमाचल में इस दिन से कमजोर पड़ेगा मानसून

Shantanu Roy
10 Sep 2024 10:00 AM GMT
Weather: हिमाचल में इस दिन से कमजोर पड़ेगा मानसून
x
Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश में 15 सितंबर तक मानसून के कमजोर पड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 9 से 15 सितंबर तक राज्य के कुछ स्थानों पर ही बारिश का पूर्वानुमान है। अन्य सभी भागों में मौसम साफ रहने के आसार हैं। दस सितंबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। उधर, बीते 24 घंटों के दौरान कसौली में 25.0, शिमला 18.6, जुब्बड़हट्टी 16.0, कुफरी 13.4, काहू 12.3, नयना देवी 12.2, सोलन 8.4, धर्मपुर 3.2, बिजाही 3.0, कंडाघाट 1.8 व कल्पा में 0.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राजधानी शिमला में दोपहर करीब डेढ़ बजे झमाझम बारिश शुरू हुई। झंझीड़ी के पास देवदार का
एक पेड़ गिर गया है।
वहीं, राज्य में जगह-जगह भूस्खलन से सोमवार सुबह 10.00 बजे तक 62 सड़कें प्रभावित रहीं। दो पुल भी क्षतिग्रस्त हैं। इसके अतिरिक्त 17 बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हैं। जिला किन्नौर के पांगी गांव के प्राणु नामक स्थान पर पिरि ढांक से आईं बड़ी-बड़ी चट्टानों की चपेट में आने से छह लोगों की दोघरियां और सैकड़ों सेब के पौधे तबाह हो गए हैं। यहां देर रात से भूस्खलन का सिलसिला जारी है। भूस्खलन से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। उधर, प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है। पर्यटन क्षेत्र कसौली में निजी स्कूल के समीप चलती कार पर अचानक पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि कार इसकी चपेट में नहीं आई, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। कार में सवार दोनों व्यक्ति सुरक्षित हैं। पेड़ गिरने के बाद यहां से गुजर रहे लोगों ने कार सवारों को बाहर निकाला। वहीं पेड़ गिरने के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। इससे एक घंटा तक जाम की समस्या बनी रही। सूचना कसौली पुलिस को दी गई। वहीं, छावनी परिषद को भी
इस बारे में बताया गया।
रामपुर खड्ड पर बेली ब्रिज का आखिरकार शुभारंभ सोमवार को हो गया। ऊना-संतोषगढ़ मार्ग पर रामपुर खड्ड पर बने बेली ब्रिज के शुरू होने से अब यहां छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन भी शुरू हो गया है। फिलहाल ब्रिज से लगभग 18 टन के बड़े वाहनों को ही गुजरने की अनुमति रहेगी। अगस्त के दूसरे सप्ताह में मूसलधार बारिश के बाद रामपुर खड्ड पर बने पुल के पिलर क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके बाद यहां से यातायात को आगामी निर्देशों तक अवरुद्ध कर दिया गया। आखिरकार यहां लोक निर्माण विभाग ने बेली ब्रिज बनाने का फैसला लिया। अब लगभग 15 दिन में ही लोक निर्माण विभाग ने बेली ब्रिज को बनाकर यातायात को बहाल कर दिया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 16.5, सुंदरनगर 20.9, भुंतर 20.2, कल्पा 13.9, धर्मशाला 19.0, ऊना 21.5, नाहन 24.1, पालमपुर 18.0, सोलन 19.5, मनाली 16.9, कांगड़ा 20.5, मंडी 22.4, बिलासपुर 23.2, चंबा 20.6 , डलहौजी 16.2, कुकुमसेरी 9.8, भरमौर 13.0, धौलाकुआं 25.2, बरठीं 22.4, समदो 16.6, कसौली 19.2, पांवटा साहिब 24.0, देहरा गोपीपुर 26.0, ताबो 14.2, नेरी 23.0 व सैंज में 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Next Story