DGP पर हुई कार्रवाई, IPS वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में सरकार ने लिया एक्शन

हरियाणा। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार सुसाइड मामले में बड़ा एक्शन हुआ है. सुसाइड नोट में नाम और परिवार के आरोपों के बीच सरकार ने राज्य के डीजीपी शत्रुजीत कपूर को लंबी छुट्टी पर भेज दिया गया है. पुलिस ने इस मामले में डीजीपी समेत उन सभी अधिकारियों के खिलाफ खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिनके नाम सुसाइड नोट में लिखे थे. दरअसल, वाई पूरन कुमार, जो 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी थे और रोहतक के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में इंस्पेक्टर जनरल के पद पर तैनात थे, ने 7 अक्टूबर को आत्महत्या कर ली थी. जांच में उनके आठ पेज के सुसाइड नोट में 13 वरिष्ठ अधिकारियों के नाम थे, जिन पर उन्होंने उत्पीड़न और उनके करियर को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया. इनमें सबसे अधिक आरोप डीजीपी और रोहतक एसपी पर हैं.
इस मामले में पूर्व रोहतक SP नरेंद्र बिजारनिया को शनिवार को ही पद से हटा दिया गया था. बिजारनिया की जगह सुरिंदर सिंह भोरिया को रोहतक का एसपी बनाया गया है. फिलहाल बिजारनिया को कोई पद नहीं दिया गया है. अब डीजीपी शत्रुजीत कपूर को जांच पूरी होने तक छुट्टी पर भेजा गया है. यह कदम पूरन कुमार की पत्नी, आईएएस अधिकारी अमनीत पूरन कुमार द्वारा पुलिस स्टेशन में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के बाद उठाया गया है, जिसमें हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर, रोहतक एसपी और अन्य सीनियर अधिकारियों के खिलाफ उत्पीड़न और उकसावे का आरोप लगाया गया है.
उन्होंने आरोपित अधिकारियों को FIR में नामजद करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी। परिवार ने पोस्टमॉर्टेम और अंतिम संस्कार की अनुमति तब तक देने से इनकार कर दिया है जब तक उनकी मांगों का निपटारा नहीं हो जाता। हरियाणा सीएम नायब सैनी खुद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे और सख्त कार्रवाई का आश्वसान दिया था.
डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने 16 अगस्त 2023 को हरियाणा के शीर्ष पुलिस अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला था. इससे पहले उन्होंने राज्य के एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के निदेशक जनरल के रूप में भी भ्रष्टाचार और हाई-प्रोफाइल मामलों से निपटा है. कपूर ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) में भी कई संवेदनशील मामलों की जांच की है.





