मध्य प्रदेश

MP News: छत पर सो रहा था परिवार, खिड़की तोड़कर अंदर घुसे चोर और चुरा ले गए सोना-चांदी और नकदी

Sarita
19 April 2025 12:09 PM IST
MP News: छत पर सो रहा था परिवार, खिड़की तोड़कर अंदर घुसे चोर और चुरा ले गए सोना-चांदी और नकदी
x
MP News: मध्य प्रदेश के जावद में वार्ड क्रमांक 11 बोहरा घाटी में अमजद पिता अकबर खान के घर अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की है. चोरी के वक्त पूरा परिवार छत पर सो रहा था. मिली जानकारी के अनुसार चोर खिड़की तोड़कर कमरे में दाखिल हुए और वहां पड़ी दोनों अलमारियों के ताले तोड़कर तीन लाख रुपए से ज्यादा की नकदी, 1 किलो पुराने और नए चांदी के सिक्के, एक जोड़ी चांदी की पायल, छोटी बच्ची की चांदी की चूड़ियां, चांदी की बिछिया, सोने का मंगलसूत्र, सोने के टॉप्स, 2 सोने की अंगूठी और नए कपड़े चोरी कर ले गए. अमजद भाई रतनगढ़ में होंडा शोरूम चलाते हैं और उनकी दुकान खुशी मोटर्स के नाम से है|
उन्होंने बताया कि यह रकम मोटरसाइकिलों की किश्तों की थी जो अलमारी में ही रखी थी. उसके अलावा इस रकम में 70000 रुपए मेरी पत्नी के भी थे. उन्होंने बताया कि जब मैं सुबह 6 बजे उठा और नीचे आया तो खिड़की टूटी हुई थी. और अंदर अलमारी के ताले टूटे हुए थे और कपड़े बिखरे पड़े थे। मैंने अपनी पत्नी और बच्चों को नीचे बुलाया और फिर थाने गया। थोड़ी देर बाद पुलिस भी वहां पहुंच गई और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। काफी समय बाद रतनगढ़ में चोरों द्वारा इतनी बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। और पूर्व में हुई चोरी की वारदातों में पुलिस अभी तक खाली हाथ है, फिर से थाना क्षेत्र में यह बड़ी चोरी की वारदात हुई है, उक्त चोरी पुलिस प्रशासन की रात्रि गश्त और 100 डायल द्वारा रात में की जा रही लगातार सर्चिंग की पोल खोल रही है।
पूर्व थाना प्रभारी के कार्यकाल में क्षेत्र में चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद नवनियुक्त थाना प्रभारी वीरेंद्र झा ने इसी माह रतनगढ़ थाने का कार्यभार संभाला है और चोरों ने इस प्रकार की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि नगर परिषद द्वारा शहर में 16 कैमरे लगाए गए थे, यदि वह काम कर रहे हैं तो चोरों का सुराग कहीं न कहीं उनमें जरूर मिलेगा। इसके अलावा चोरों ने एक अन्य मकान की खिड़की भी तोड़ी थी लेकिन वहां चोरी करने में सफल नहीं हो पाए।
इसके अलावा चोर रात के समय घाट के ऊपर स्थित हनुमान मंदिर से घंटा भी चुरा ले गए। रतनगढ़ थाना क्षेत्र में पिछले एक साल में चोरी व लूट की कई वारदातें हो चुकी हैं। लेकिन पुलिस इन वारदातों का खुलासा करने में नाकाम रही है, अब देखना यह है कि नवनियुक्त थाना प्रभारी इन वारदातों पर अंकुश लगा पाते हैं या नहीं।
Next Story