हिमाचल प्रदेश

Himachal Pradesh: बिजली गिरने से महिला और बच्ची घायल, लाखों के उपकरण जले

Sarita
5 March 2025 9:06 AM IST
Himachal Pradesh:  बिजली गिरने से महिला और बच्ची घायल, लाखों के उपकरण जले
x
Himachal Pradesh: डाडासीबा तहसील की ग्राम पंचायत बैह में मंगलवार को तीन घरों पर आसमानी बिजली गिरने का मामला सामने आया है। इस हादसे में घर में बंधे एक पालतू कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक महिला और एक बच्ची घायल बताई जा रही है। आसमानी बिजली गिरने से सभी घरों के बिजली उपकरण पूरी तरह जल गए हैं। कुछ घरों की दीवारों में दरारें आ गई हैं। इस घटना से घर मालिकों को लाखों का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार कशालू राम, विधि चंद और फतेह सिंह के घरों में आसमानी बिजली गिरने से करीब 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उक्त घटना से कशालू राम के घर में बंधे पालतू कुत्ते की भी मौत हो गई है।
बिजली गिरने से महिला रीना देवी और एक 17 वर्षीय लड़की घायल हुई है। घायल रीना देवी ने बताया कि जब वह अपने घर में काम कर रही थी तो अचानक तेज धमाका हुआ और टीवी और फ्रिज से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में पूरे घर के बिजली उपकरण जल गए। इस संबंध में मौके पर पहुंचे डाडासीबा के तहसीलदार बीरबल ने स्थिति का जायजा लिया तथा तीनों परिवारों को फौरी राहत प्रदान की तथा रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।
इस घटना पर पूर्व विधायक होशियार सिंह ने कहा कि वे बुधवार को व्यक्तिगत रूप से दुर्घटना स्थल का दौरा करेंगे तथा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेंगे। उधर, इस संबंध में ढलियारा विद्युत उपमंडल के सहायक अभियंता मनीष संधू ने कहा कि उन्हें इस घटना की सूचना मिली है। उन्होंने विभागीय कर्मचारियों को मौके पर भेज दिया है तथा उक्त घरों के बिजली मीटर पुनः लगा दिए गए हैं।
Next Story