हरियाणा

Haryana: यूरिया खाद की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी, 3 गिरफ्तार

Sarita
4 Sept 2025 12:26 PM IST
Haryana:  यूरिया खाद की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी, 3 गिरफ्तार
x
Haryana :उत्तर प्रदेश और हरियाणा के किसान खाद के लिए लंबी कतारों में लगने के बाद बमुश्किल 4 से 5 बैग यूरिया ले पा रहे हैं, वहीं यमुनानगर में यूरिया की खुलेआम कालाबाजारी चल रही है। यहाँ हर रोज़ खाद से भरे ट्रक अवैध रूप से गोदामों में उतारे जाते हैं और फिर सुबह-सुबह इस यूरिया को प्लाइवुड फैक्ट्रियों में भेज दिया जाता है।
हाल ही में जठलाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गाँव नागर स्थित एक गोदाम में बिना बिल के यूरिया खाद से भरा एक ट्रक उतारा जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और तीन तस्करों को रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से यूरिया से भरा एक ट्रक भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में एक खाद सप्लायर, गोदाम मालिक और ट्रक चालक शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और कृषि विभाग को भी तुरंत सूचित कर दिया गया है। कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर खाद के नमूने लिए और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस अब इस बात की जाँच कर रही है कि यह अवैध यूरिया कहाँ से लाया गया था और आरोपी कब से इस अवैध कारोबार में लिप्त हैं। जानकारी के अनुसार, यमुनानगर में यूरिया खाद की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी हो रही है। इस यूरिया का इस्तेमाल प्लाईवुड फैक्ट्रियों में गोंद बनाने में किया जाता है, जिससे फैक्ट्री संचालकों को यह सामग्री कम कीमत पर मिल जाती है। यही वजह है कि यमुनानगर में यूरिया की अवैध मांग दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जाँच की जा रही है।
Next Story