हरियाणा

Haryana: एक करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद

Sarita
29 Aug 2025 9:49 AM IST
Haryana: एक करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद
x
Haryana हरियाणा: सीआईए ऐलनाबाद ने सिरसा जिले के डिंग थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप जब्त कर तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। टीम ने एक लाल रंग के कैंटर से 1548 किलो 170 ग्राम चूरापोस्त जब्त किया। इस दौरान दो आरोपियों सदाम हुसैन और नादर खान उर्फ ​​बतिया निवासी हथुनिया, प्रतापगढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनके दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
सीआईए ऐलनाबाद के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर और एएसपी फैसल खान ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर थाने की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से मिली सूचना पर यह कार्रवाई की गई। सूचना के आधार पर देर रात डिंग रोड स्थित पतली डाबर बस स्टैंड पर चेक पोस्ट लगाई गई थी। सुबह करीब 4 बजे नीले रंग के तिरपाल से ढके एक कैंटर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। उसमें से 77 प्लास्टिक के बोरे बरामद हुए, जिनमें चूरापोस्त भरा हुआ था।
पुलिस ने बरामद माल और वाहन को नियमानुसार सील कर सीज कर दिया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।
Next Story