हरियाणा

Haryana : युवक पर फायरिंग कर किया जानलेवा हमला, हथियार सहित 2 गिरफ्तार

Sarita
28 March 2025 6:01 AM IST
Haryana : युवक पर फायरिंग कर किया जानलेवा हमला, हथियार सहित 2 गिरफ्तार
x
Haryana हरियाणा: कसौला थाना पुलिस ने गांव आसलवास निवासी एक व्यक्ति को घर से बुलाकर उस पर जानलेवा हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव आसलवास निवासी सतबीर व नरेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक अवैध देशी पिस्तौल व पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जांचकर्ता ने बताया कि गांव आसलवास निवासी प्रताप सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बावल में एक प्लाट खरीदा था, जिसका इकरारनामा उसने अपने साथियों के नाम करवा लिया था। प्लाट के इकरारनामे को लेकर रात करीब 10 बजे उसके गांव के ही सतबीर व नरेंद्र ने उसके मोबाइल पर कॉल करके बात करने के लिए घर के बाहर बुलाया।
जब वह बात करने के लिए घर से बाहर गया तो उन्होंने लोहे की पाइप से उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इस दौरान सतबीर ने पिस्तौल से एक राउंड फायर कर उस पर जानलेवा हमला कर दिया, गोली दीवार पर लगी। उसने आरोपियों से पिस्तौल छीनी तो वह नीचे गिर गई, जिससे उसकी जान बच गई। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कसौला थाने में हत्या के प्रयास व शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए गांव आसलवास निवासी दोनों आरोपियों सतबीर व नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Next Story