
x
Haryana हरियाणा: दादरी के बाढड़ा कस्बे में एंबुलेंस चालक पर हमला करने का मामला सामने आया है। जहां चालक के सिर पर लोहे की रॉड मारकर उसे घायल कर दिया गया। उसे गोपी सीएचसी अस्पताल ले जाया गया। उसे गंभीर हालत में दादरी सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। चालक ने अन्य एंबुलेंस संचालकों पर साजिश के तहत उस पर हमला करने का शक जताया है। दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती गांव जेवली निवासी दीपक ने बताया कि वह निजी एंबुलेंस का मालिक है। बीती रात बाढड़ा के एक निजी अस्पताल में काम करने वाले युवक ने उसे टैबलेट के बारे में पूछने के लिए अस्पताल में बुलाया।
जब वह अस्पताल पहुंचा तो निजी अस्पताल में काम करने वाले नीतीश उर्फ रवि पिलानिया ने अचानक पीछे से उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। रॉड लगते ही वह जमीन पर बैठ गया। जिसके बाद आरोपी ने रॉड से कई वार किए। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल घायल का दादरी सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। अस्पताल में उपचाराधीन दीपक ने बताया कि उसे शक है कि किसी दूसरे एंबुलेंस संचालक ने साजिश के तहत उसे अस्पताल बुलाया और उस पर हमला किया। दीपक ने बताया कि पुलिस को सूचना दे दी गई है, लेकिन उसका बयान दर्ज नहीं किया गया है।
Next Story





