हरियाणा

Haryana Crime: महिला की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका

Sarita
26 Dec 2025 8:40 AM IST
Haryana Crime: महिला की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका
x
Haryana Crime: खंड साडोरा के गांव शामपुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के सरपंच जसबीर राठी की 47 वर्षीय पत्नी बलजिंदर कौर की लाश पशु बाड़े में बनी पानी की हौदी में मिली। घटना देर रात की बताई जा रही है। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।परिजनों के मुताबिक बलजिंदर कौर रात करीब साढ़े नौ बजे पशु बाड़े में पशुओं को देखने के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पहले घर के आसपास और गांव में खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजन पशु बाड़े में पहुंचे, जहां बाड़े के पास बनी पानी की हौदी में बलजिंदर कौर का शव मिला। महिला का मुंह हौदी के पानी में डूबा हुआ था, जबकि दोनों पांव बाहर लटके हुए थे।
मौके पर टूटी हुई चूड़ियां पड़ी हुई मिलीं और आसपास अज्ञात लोगों के पांव के निशान भी दिखाई दिए। इसके अलावा मृतका के माथे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। परिजन तुरंत महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। साक्ष्य जुटाने के साथ ही हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।थाना प्रभारी प्रमोद वालिया ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।
Next Story