
x
Haryana हरियाणा: हरियाणा के भिवानी स्थित कोर्ट परिसर में गुरुवार दोपहर गोलीबारी हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भागने में कामयाब रहे। जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने कोर्ट परिसर में एक चाय की दुकान पर एक युवक को गोली मार दी। घायल युवक को इलाज के लिए भिवानी के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। घायल युवक की पहचान गांव मोखरा निवासी लवलीन के रूप में हुई है।
भिवानी के डीएसपी अनूप कुमार ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि भिवानी के कोर्ट परिसर में दोपहर 1.15 मिनट पर गोली चली है। सीन ऑफ क्राइम की टीम भी मौके पर पहुँच गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि घायल लवलीन किसी और के साथ कोर्ट परिसर में आया था और उसके साथी किसी मामले में कोर्ट आए थे। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरा मामला बताया जाएगा। हम इस मामले के काफी करीब पहुँच चुके हैं।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप तंवर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि दोपहर पौने एक बजे कोर्ट परिसर में चाय की दुकान के पास गोली चली है और गोली तीन-चार युवकों ने चलाई है। इसमें एक युवक घायल हुआ है। उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर कोर्ट में आए वकीलों और आम नागरिकों में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने भिवानी शहर से बाहर जाने वाले स्थानों पर नाके लगाकर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आ सके।
Next Story





