छत्तीसगढ़

तेलीबांधा क्षेत्र में पुलिस-पेट्रोलिंग और युवकों के बीच विवाद, हिदायत के बाद मामला शांत

Shantanu Roy
15 Jun 2026 7:56 PM IST
तेलीबांधा क्षेत्र में पुलिस-पेट्रोलिंग और युवकों के बीच विवाद, हिदायत के बाद मामला शांत
x
छग
Raipur. रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में देर रात पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम और कुछ युवकों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। घटना 14 जून और 15 जून 2026 की मध्य रात्रि की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में स्पष्ट किया है कि किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई और केवल समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। जानकारी के अनुसार तेलीबांधा थाना में तैनात सहायक उपनिरीक्षक तुलसीराम साहू, आरक्षक जानकीराम चंद्रवंशी और आरक्षक रमेश वर्मा पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थे। रात लगभग 12:45 बजे पेट्रोलिंग के दौरान टीम ने देखा कि विनय यादव अपने 7-8 साथियों के साथ होटल अंब्रोसिया के सामने सड़क किनारे खड़ा था। पुलिस टीम ने उन्हें देर रात होने के कारण घर जाने की हिदायत दी और आगे पेट्रोलिंग पर निकल गई।
इसके बाद पेट्रोलिंग टीम क्षेत्र के अन्य हिस्सों में गश्त करने चली गई। कुछ समय बाद रात लगभग 1:45 बजे जब टीम दोबारा उसी स्थान पर पहुंची, तो वहां फिर से वही लोग मौजूद थे। इस बार विनय यादव, सुजीत यादव, गोलू देवांगन और करीब 15-20 अन्य लोग भी मौके पर खड़े पाए गए। पुलिस द्वारा दोबारा समझाइश दी गई और उन्हें शांतिपूर्वक घर जाने के लिए कहा गया। इसी दौरान स्थिति थोड़ी तनावपूर्ण हो गई और विनय यादव एवं उसके कुछ साथी पुलिस से बहस करने लगे। हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और किसी भी प्रकार की बल प्रयोग या मारपीट नहीं की गई।
घटना के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर विनय यादव और आरक्षक रमेश वर्मा का शराब परीक्षण भी कराया। अधिकारियों के अनुसार दोनों के मेडिकल मुलाहिजा रिपोर्ट भविष्य में आवश्यक होने पर उपयोग में ली जा सकती है। पुलिस का कहना है कि रात के समय सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ और रुकने से सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है, इसलिए युवकों को समझाइश दी गई थी। मामले में किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई फिलहाल नहीं की गई है, लेकिन स्थिति पर नजर रखी जा रही है। तेलीबांधा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान केवल शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समझाइश दी गई थी और किसी भी पक्ष द्वारा कानून का उल्लंघन करने पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर चर्चा जरूर रही, लेकिन पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभाल लिया।
Next Story