
सरगुजा। जिले के बतौली में बुजुर्ग की निर्शंस हत्या मामले में पुलिस ने कार्रवाई कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या में उपयोग ट्रैक्टर को बरामद कर लिया गया है। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिलमा चिटकाही में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। विवादित भूमि पर धान बोआई के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने एक ही परिवार पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक किसान की ट्रैक्टर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हुए हैं।
शिकायतकर्ता धनेश्वरी पैंकरा के अनुसार, वह अपने पति होंश राम, पुत्र हेमंत और महेंद्र पैंकरा के साथ खेत पर गई थीं। इसी दौरान दूसरे पक्ष के 8 लोग लाठी-डंडों से लैस होकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने पूरे परिवार को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की। हमले के दौरान धनेश्वरी, हेमंत और महेंद्र किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे। भागने के दौरान आरोपियों ने होंश राम को घेर लिया और उन्हें धक्का देकर खेत में गिरा दिया। इसके बाद आरोपी उमेश पैंकरा ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए होंश राम पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। गंभीर रूप से घायल होंश राम ट्रैक्टर के बम्फर में लटक गए, लेकिन आरोपी ने ट्रैक्टर को खेत की ऊंची मेड़ से टकरा दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद उमेश ने ट्रैक्टर के पहिए से कुचलकर उनकी मौके पर ही जान ले ली।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है प्रकरण में थाना बतौली में अपराध क्रमांक 66/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 109(1), 296(ख), 351(3), 115(2), 190, 191(2), 191(3) एवं 54 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने मामले में आरोपी भुनेश्वर पैंकरा (80 वर्ष), बजरंग लाल, रघुनंदन पैंकरा, मनोज, उमेश पैंकरा, बोधन पैंकरा, कमलेश्वरी पैंकरा एवं प्यारी पैंकरा को गिरफ्तार कर लिया है।





