बिहार

Bihar : 26 दिन बाद कब्र से निकाला गया युवक का शव, मृतक बताएगा मौत का राज

Sarita
27 March 2025 9:25 AM IST
Bihar : 26 दिन बाद कब्र से निकाला गया युवक का शव, मृतक बताएगा मौत का राज
x
Bihar बिहार: भारत-नेपाल सीमा से सटे किशनगंज जिले में 26 दिनों के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में एक व्यक्ति का शव कब्र से खोदकर निकाला गया. मृतक के भाई नोमान आलम ने जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक सागर कुमार से न्याय की गुहार लगाई थी, जिसके बाद जिलाधिकारी विशाल राज द्वारा मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई और बुधवार को शव को कब्र से खोदकर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. क्या है पूरा मामला? आपको बता दें कि 27 फरवरी 2025 को मुजम्मिल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी|
मृतक के भाई नोमान आलम ने पुलिस अधीक्षक सागर कुमार को दिए आवेदन में कहा है कि उसके भाई की अज्ञात स्थान पर हत्या कर दी गई और शव को लाकर घर के आंगन में रख दिया गया. उस वक्त जब वह थाने में मामला दर्ज कराने जा रहा था तो कुछ लोगों ने उसे धमकाया और थाने नहीं जाने दिया. प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जताते हुए नोमान आलम ने गांव के ही सोहेल और उसकी पत्नी पर हत्या का शक जताया है. उनका कहना है कि सोहेल और उसकी पत्नी अरशदी ने उसके भाई की हत्या कर शव को आंगन में लाकर फेंक दिया। इधर, शव निकाले जाने की सूचना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। एसडीपीओ गौतम कुमार ने बताया कि 21 मार्च 2025 को फतेहपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मृतक के शव को जांच के लिए कब्र से बाहर निकाला गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। कब्र से शव निकाले जाने की खबर आग की तरह फैल गई और इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
Next Story