
कनाडा। लिबरल पार्टी ने भारतीय मूल के सांसद चंद्रा आर्य पर रोक लगा दी है. पार्टी के बैनर तले चुनाव लड़ने पर रोक लगाई गई है. यह फैसला उन पर भारत सरकार से करीबी संबंध रखने के आरोपों के बीच आया है. उन्होंने पिछले साल भारत दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात भी की थी. द ग्लोब एंड मेल की रिपोर्ट ने सूत्रों के हवाले से बताया कि चंद्रा आर्य ने अपने भारत दौरे के बारे में कनाडा की सरकार को सूचित नहीं किया था. जबकि उस समय भारत और कनाडा के संबंध बेहद तनावपूर्ण दौर से गुजर रहे थे.
हालांकि, कनाडा सरकार और लिबरल पार्टी ने चंद्रा आर्य के चुनाव लड़ने पर रोक लगाने का कोई कारण नहीं बताया है. सूत्रों का कहना है कि कनाडियन सिक्योरिटी इंटेलिजेंस सर्विस (सीएसआईएस) ने भारत सरकार के साथ आर्य के कथित करीबी संबंधों को लेकर कनाडा सरकार को जानकारी दी थी. आर्य ने विदेशी दखल मामले पर ब्रीफिंग भी ली थी, जिसे लेकर चिंता जताई गई थी.
इन आरोपों को चंद्रा आर्य ने सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि आगामी चुनाव में लिबरल पार्टी की ओर से मेरे चुनाव लड़ने पर रोक लगाने को लेकर ग्लोब एंड मेल ने आज एक आर्टिकल पब्लिश किया है. सांसद होने के नाते मेरी कनाडा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई राजनयिकों और राष्ट्रप्रमुखों से बातचीत होती है. मैंने ऐसी किसी भी मुलाकात के लिए कभी सरकार से अनुमति नहीं ली.





