लाइफ स्टाइल

Lauki Recipe: लौकी से बनाएं स्वादिष्ट और सेहतमंद सब्ज़ियां

Sarita
28 March 2025 10:44 AM IST
Lauki Recipe: लौकी से बनाएं  स्वादिष्ट और सेहतमंद सब्ज़ियां
x
Lauki Recipe: इसमें कौलोरी की मात्रा कम होती है. ये वजन कम करने और डायबिटीज के रोगियों के लिए लाभदायक है. ये शरीर को ठंडा रखता है और हृदय स्वस्थ रखता है. इसमें आयरन, विटामिन, पोटैशियम भरपूर मात्रा में होता है. लौकी के जूस का हर दिन सेवन करने से वजन कम होता है. लौकी का जूस शरीर के टॉक्सिन निकालने में मदद करता है. जिससे आपकी त्वचा ग्लोइंग रहती है. लौकी से आप कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजन बना सकते हैं|
कोफ्ता – लौकी को छील कर कद्दूकस कर लीजिए, अधिक पानी निचोड़ दीजिए और 4 छोटी चम्मच बेसन, 1 छोटी चम्मच अदरक लहसुन का पेस्ट, स्वादानुसार नमक और हरी मिर्च बारीक कटी हुई डाल दीजिए. छोटे-छोटे गोले बनाकर डीप फ्राई करें. एक तरफ रख दें. एक पैन में तेल गरम करें और इसमें 1 कद्दूकस किया हुआ प्याज और 1 कद्दूकस किया हुआ टमाटर डालें. 2-3 मिनट तक पकाएं. 1 टीस्पून अदरक लहसुन का पेस्ट, 1 टीस्पून दही, एक चुटकी चीनी और 1 कटी हुई हरी मिर्च डालें. धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि कच्ची महक न चली जाए. अब 1 छोटा चम्मच गरम मसाला, नमक, काली मिर्च, धनियां पाउडर और जीरा पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर पकाएं. अब जब तेल अलग होने लगे तो इसमें ½ कप फ्रेश क्रीम और ½ कप दूध डाल कर उबाल आने दें. कोफ्ते डालें और परोसें|
मसाला लौकी – लौकी को छील कर काट लीजिए और एक तरफ रख दीजिए. 3 चम्मच तेल डालें और जीरा, हींग, हरी मिर्च और कटे हुए प्याज डालें. प्याज के गुलाबी होने तक पकाएं. बारीक कटे टमाटर डालें और 3-4 मिनट तक पकाएं. अब इसमें 1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें. धीमी आंच पर तेल अलग होने तक पकाएं. अब लौकी डालकर अच्छी तरह मिला लें. 1 छोटा चम्मच किचन किंग मसाला डालें. एक कप पानी डालकर दो सीटी आने तक प्रेशर कुक कर लें. आपकी स्वादिष्ट लौकी की सब्जी तैयार है|
Next Story