लाइफ स्टाइल

जानिए स्वस्थ रहने के लिए सही तरीके से करें सेवन

Tara Tandi
6 July 2022 12:31 PM GMT
जानिए स्वस्थ रहने के लिए सही तरीके से करें सेवन
x
सेहत को लेकर सजगता रखने के मामले में अक्सर हम सबसे पहला ध्यान खान पान की ओर ही देते हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। सेहत को लेकर सजगता रखने के मामले में अक्सर हम सबसे पहला ध्यान खान पान की ओर ही देते हैं। विभिन्न प्रकार की डाइट्स अपनाने के साथ ही हम कभी एक वक्त का भोजन छोड़ देते हैं, तो कभी मीठा और नमक। डाइटिंग की जरूरत और अपने शरीर की आवश्यकता को समझे बगैर अधिकांश लोग खान पान में बड़े परिवर्तन ले आते हैं। विशेषज्ञ यह मानते हैं कि हमारे भोजन में संतुलन होना चाहिए और संतुलन तब आता है जब भोजन में सभी प्रकार के खाद्यों का संतुलित मिश्रण हो। न कि किसी एक ही प्रकार का खाद्य शामिल हो। इसी तरह किसी भी एक प्रकार के खाद्य से दूरी बना लेना भी गलत है। त्याग देने वाली वस्तुओं में आमतौर पर चीज को भी शामिल किया जाता है। यह मानते हुए कि चीज़ खाना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक ही है। चीज को हमेशा से फैट्स और कोलेस्ट्रॉल सहित कई कारकों से भरे दुश्मन क रूप में देखा जाता है। इसलिए कई लोग इससे डरने लगते हैं लेकिन क्या वाकई में चीज़ इतनी डरावनी चीज है? चलिए जानते हैं-

दातों की सफाई जरूरी
चीज खाने के बाद कई बार ऐसा महसूस होता है जैसे चीज दांतों में फंस गई या चिपक गई। दांतों में फंसी रह गई चीज़ साँसों में दुर्गंध भी पैदा कर सकती है। इसलिए लोग इससे दूर भागते हैं। असल में दांतों में चिपकी या फंसी रह गई कोई भी खाद्य सामग्री वाकई नुकसानदायक हो सकती है, केवल दांतों के लिए ही नहीं, पूरी सेहत के लिए। क्योंकि दांतों और मसूढ़ों में होने वाला संक्रमण पूरे शरीर को तकलीफ में डाल सकता है। बहरहाल इसके लिए जरूरी है कि कुछ भी खाने के बाद ब्रश या अच्छे से कुल्ला किया जाए। यह केवल चीज या चीजयुक्त पदार्थों के लिए ही नहीं है। ओरल हाइजीन का यह बेसिक मन्त्र है। इसलिए कुछ भी खाने के बाद अच्छे से दांत और मुंह साफ जरूर करें।
चीज में मौजूद पोषक तत्व
दांतों की सेहत को दुरुस्त रखने के लिए भी पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। इन पोषक तत्वों में कैल्शियम एक महत्वपूर्ण तत्व है। डेयरी प्रोडक्ट्स में कैल्शियम पर्याप्त मात्रा में होता है और चीज भी इसमें शामिल है। चीज में कैशलियम होता है जो दांतों और हड्डियों को मजबूत बनाने में योगदान दे सकता है। आप चाहें तो विटामिन डी फोर्टिफाइड चीज़ का उपयोग कर सकते हैं। इसे आपको कैल्शियम और विटामिन डी दोनों की पूर्ती एकसाथ होगी। यही नहीं शोध यह भी बताते हैं कि चीज का पीएच लेवल बाकी कई डेयरी उत्पादों की तुलना में, दांतों के लिहाज से अच्छा होता है। यानी चीज दांतों को सुरक्षित रखते हुए पोषण दे सकता है। यह बच्चों के लिए तो बहुत ही बढ़िया विकल्प होगा। हां, लेकिन केवल चीज़ ही खाना है या बहुत चीज़ खाना है, इससे बचना होगा।
सही मात्रा में करें चीज का सेवन
चीज को सबसे ज्यादा बड़ा दुश्मन माना जाता है मोटापे, ह्रदयरोग और इससे जुडी हर बात के लिए। इसलिए डाइटिंग करने वाले या वजन को लेकर सतर्क रहने वाले लोग अक्सर सबसे पहले चीज को खाना छोड़ते हैं। शोध अध्ययन यह साबित कर चुके हैं कि रोजाना थोड़ी मात्रा में चीज का सेवन (करीब 42-45 ग्राम) दिल की सेहत के लिए अच्छा होता है। इससे कार्डियोवैस्क्युलर रोगों की आशंका कम हो सकती है। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि लो फैट चीज को चुना जाए क्योंकि सामान्य चीज में सैचुरेटेड फैट ज्यादा होता है। साथ ही लो सोडियम और हाई पोटेशियम फ़ूड को मिक्स करें यानी कम या बिना नमक वाली चीज के साथ बीन्स, आलू, पालक, ब्रोकली, आदि। इससे आपको ब्लड प्रेशर के स्तर को कम रखने में भी मदद मिलेगी।
सही चीज का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद
सही प्रकार की चीज का चुनाव। गूडा या हौडा (डच शब्द) चीज या चेडर चीज कई मायनों में बेहतर चुनाव हो सकती हैं। गूडा में कुछ विशेष गुड बैक्टीरिया जैसे लैक्टोबैसिली होते हैं जो गट हेल्थ को अच्छा बनाने और इम्युनिटी को दुरुस्त रखने में मददगार हो सकते हैं। वहीं चेडर चीज़ से विटामिन बी12 मिल सकता है, जो कि लाल रक्त कोशिकाओं के उत्पादन के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण शारीरिक व मानसिक गतिविधियों को बनाये रखने में मदद करता है। यानी शरीर के साथ दिमाग की सेहत के लिए भी उपयुक्त। ऐसे में डाइट को संतुलित बनाये रखने के लिए इन चीज का चुनाव आप कर सकते हैं। इनके साथ सब्जियों या फलों को मिलाकर एक अच्छी डाइट बन सकती है, जो स्वाद भी देगी और पोषण भी।
बच्चों, किशोरों और गर्भवती महिलाओं के लिए चीज फायदेमंद
शरीर को सुचारू रूप से काम करने के लिए हर पोषक तत्व की जरूरत सीमित मात्रा में होती है और इन पोषक तत्वों में फैट्स भी शामिल है। फैट्स हमेशा बुरे नहीं होते बल्कि थोड़ी मात्रा में खाए जाने पर वे शरीर को स्वस्थ रहने में मदद करते हैं। चीज से प्रोटीन, कैल्शियम और विटामिन्स के साथ शरीर के लिए जरूरी फैट्स की भी पूर्ती होती है। इसलिए थोड़ी मात्रा में चीज खाना अच्छा विकल्प होता है। बच्चों, किशोरों युवाओं और गर्भवती महिलाओं के लिए चीज कई फायदे दे सकता है। इसे चाहें तो नाश्ते में खाएं या सलाद, सब्जियों, पराठे आदि के साथ। यह आपको लम्बे समय तक पेट भरे रहने का एहसास भी देगा और जरूरी पोषण भी।


Next Story