- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- तनाव, चिंता और अनिद्रा...
लाइफ स्टाइल
तनाव, चिंता और अनिद्रा से राहत देता है गोमुखासन, जान लें इसे करने का सही तरीका
jantaserishta.com
28 Nov 2025 4:07 PM IST

x
नई दिल्ली: बदलता मौसम और व्यस्त दिनचर्या कई शारीरिक और मानसिक समस्याओं की वजह बन सकते हैं। हालांकि, योगासन को दिनचर्या में शामिल कर मन और शरीर दोनों को स्वस्थ रखा जा सकता है। ऐसे ही एक योगासन का नाम गोमुखासन है।
मोरारजी देसाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योगा, गोमुखासन को बेहद फायदेमंद योगासन बताते हुए करने की सही विधि भी बताता है। इसका नियमित अभ्यास कंधों, छाती, रीढ़ की हड्डी और पैरों को लचीला बनाता है और तनाव के साथ थकान को भी दूर करता है।
एक्सपर्ट के अनुसार, गोमुखासन के नियमित अभ्यास से कंधों और पीठ के ऊपरी हिस्से में जकड़न दूर होती है। फेफड़े पूरी तरह खुलते हैं। यह डायबिटीज के मरीजों के लिए विशेष लाभकारी है क्योंकि यह अग्न्याशय को उत्तेजित करता है। साथ ही तनाव, चिंता और अनिद्रा में भी राहत मिलती है।
गोमुखासन करने की विधि बहुत सरल है। सबसे पहले फर्श पर सीधे बैठ जाएं और दोनों पैर आगे की ओर फैला कर दंडासन मुद्रा में बैठें। रीढ़ की हड्डी पूरी तरह सीधी रखें। अब बायां पैर मोड़ें और उसकी एड़ी को दाहिने कूल्हे के पास रख दें। फिर दाहिना पैर मोड़कर उसकी एड़ी बाएं कूल्हे के पास रखें, इस तरह दाहिना घुटना बाएं घुटने के ठीक ऊपर आएगा। अब दाहिना हाथ कंधे के ऊपर से पीठ के पीछे ले जाएं और बायां हाथ कमर के नीचे से पीठ के पीछे ले जाकर दोनों हाथों की उंगलियां आपस में फंसाएं। जितना आराम से हो सके, हाथों को एक-दूसरे की ओर खींचें। नजरें सामने रखें, रीढ़ सीधी रखें और सामान्य गहरी सांस लें। इस स्थिति में 20-25 सेकंड तक रुकें। रोजाना कुछ मिनट करने से कंधे, छाती और कमर में लचीलापन आता है।
गोमुखासन का अभ्यास महिलाओं के लिए भी बेहद फायदेमंद है। पीरियड्स में होने वाली समस्याओं में यह आसन राहत देता है। गोमुखासन एक सरल आसन है, जिसके अभ्यास से कई लाभ मिलते हैं, हालांकि योग एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि शुरुआत में अगर हाथ पीठ पर नहीं मिल पाते तो रुमाल या पट्टी की मदद ली जा सकती है। कंधे या घुटने की गंभीर चोट वाले लोगों को डॉक्टर या योग प्रशिक्षक की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





