करियर

एक रूम से निकली दोहरी सफलता, BPSC में दोनों का कमाल

Saba Naaz
22 Jun 2026 4:02 PM IST
एक रूम से निकली दोहरी सफलता, BPSC में दोनों का कमाल
x

Career: 70वीं बीपीएससी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में दो सहेलियों ने एक साथ सफलता हासिल कर मिसाल कायम की है। एक ही कमरे में रहकर तैयारी करने वाली उषा कुमारी और पुष्पा कुमारी ने अपने सपनों को साकार करते हुए प्रशासनिक सेवा में जगह बना ली है। उषा कुमारी को SDM पद के लिए चयनित किया गया है, जबकि पुष्पा कुमारी को RDO पद मिला है।

उषा कुमारी ने अपनी तैयारी का सफर 2019 में दिल्ली से शुरू किया था, जहां उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू की। लेकिन कोरोना महामारी के कारण उन्हें घर लौटना पड़ा। इसके बाद सितंबर 2020 से उन्होंने फिर से तैयारी शुरू की और लगातार अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रहीं। उषा अब तक UPSC के छह प्रयास कर चुकी हैं और UPPCS परीक्षा भी दी। BPSC 70वीं परीक्षा में उन्हें 322वीं रैंक मिली है।

उषा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार और पिता को दिया, जो असम की एक निजी फ्लोर मिल कंपनी में कार्यरत हैं। परिवार में चार बहनें और एक भाई हैं, और आर्थिक जिम्मेदारियों के बावजूद उनके पिता ने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

दूसरी ओर, पुष्पा कुमारी ने भी कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर सफलता हासिल की। उन्हें 1468वीं रैंक मिली है। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारी में टेस्ट सीरीज और मॉक टेस्ट की अहम भूमिका होती है, जिससे समय प्रबंधन और उत्तर लेखन कौशल बेहतर होता है।

दोनों सहेलियों ने बताया कि तैयारी के दौरान वे एक ही कमरे में रहती थीं और एक-दूसरे का सहारा बनी रहीं। कठिन समय में दोनों ने मिलकर पढ़ाई की, कमजोरियों को सुधारा और एक-दूसरे को प्रेरित किया।

उनका कहना है कि सिविल सेवा परीक्षा में सफलता के लिए धैर्य, निरंतरता और सही रणनीति जरूरी है। कई बार असफलता मिलती है, लेकिन लक्ष्य पर फोकस बनाए रखने से सफलता जरूर मिलती है।

इस सफलता ने साबित कर दिया है कि सही साथी और मजबूत इरादों के साथ किसी भी परीक्षा में जीत हासिल की जा सकती है।

Next Story