यूक्रेन के राष्ट्रपति ने बताया समझौते का फार्मूला, कहा- तटस्थ स्थिति स्वीकार लेकिन...

यूक्रेन शांति के लिए तटस्थ स्थिति को स्वीकार कर सकता है

Update: 2022-03-28 16:50 GMT
कीव, रायटर। यूक्रेन शांति के लिए तटस्थ स्थिति को स्वीकार कर सकता है। मतलब रूस और अमेरिका से समान दूरी बनाकर चल सकता है। वह सुरक्षा गारंटी, तटस्थ और परमाणु शस्त्र विहीन स्थिति के लिए रूस से समझौता कर सकता है। यह बात यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूसी पत्रकार के साथ लंबे साक्षात्कार में कही है। हालांकि जेलेंस्की के इस तरह के साक्षात्कार करने और उसे रूस में दिखाने-सुनाने पर रूसी सरकार ने रोक लगा रखी है।
विसैन्यीकरण की शर्त नहीं है स्‍वीकार
जेलेंस्की ने इनके अतिरिक्त रूस की किसी अन्य शर्त पर बात करने से इन्कार कर दिया है। वह यूक्रेन के विसैन्यीकरण की शर्त को मानने के लिए तैयार नहीं हैं। इस शर्त के चलते यूक्रेन को अपनी सेना सीमित करनी होगी और विध्वंसक हथियारों से मुक्त बनानी होगी।
रूसी सेनाओं की वापसी के बगैर समझौता नहीं
जेलेंस्की ने कहा है कि युद्धविराम और रूसी सेनाओं की वापसी के बगैर कोई शांति समझौता संभव नहीं है। रूसी सेना की वापसी के बाद यूक्रेन के नाटो में शामिल होने के मुद्दे पर जनता जनमत संग्रह के जरिये फैसला करेगी जेलेंस्की ने रूस के कब्जे वाले यूक्रेनी इलाकों को ताकत के बल पर वापस लेने की संभावना से इन्कार किया है।
डोनबास पर समझौता करने के लिए तैयार
जेलेंस्की ने कहा कि ऐसी कोई कोशिश तीसरा विश्व युद्ध करा सकती है। इसलिए वह डोनबास पर समझौता करने के लिए तैयार हैं। इस इलाके पर रूस समर्थित विद्रोहियों का 2014 से कब्जा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति का यह बयान रूसी हमले के 33वें दिन आया है। राष्ट्र के नाम संबोधन में जेलेंस्की ने कहा है कि तुर्की में होने वाली शांति वार्ता में यूक्रेन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का मुद्दा मुख्य रूप से चर्चा में होगा। तुर्की की पहल पर यूक्रेन और रूस के बीच यह वार्ता हो रही है।
युद्ध खत्‍म करा सकती है आमने-सामने की बैठक
जेलेंस्की ने कहा कि उनकी राष्ट्रपति पुतिन के साथ आमने-सामने की बैठक युद्ध को खत्म करा सकती है। शांति के लिए अविलंब युद्ध रोका जाना चाहिए। जबकि रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों की वार्ता समझौते के करीब पहुंचने पर राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति जेलेंस्की की आमने-सामने की वार्ता संभव है।
एर्दोगन ने पुतिन को युद्धविराम की जरूरत बताई
रविवार को तुर्की के राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से टेलीफोन पर बात कर यूक्रेन में युद्धविराम की आवश्यकता पर जोर दिया। कहा कि वहां पर रूसी सेना से घिरे शहरों में मानवीय सुविधाओं को बेहतर किए जाने की जरूरत है। इससे शांति स्थापित होने की संभावना को बल मिलेगा।
रूबल में ही गैस मूल्य लेगा रूस

रूस यूरोपीय देशों को प्राकृतिक गैस की मुफ्त में आपूर्ति नहीं करेगा। गैर मित्र देशों से वह गैस मूल्य का भुगतान रूबल में ही लेगा। यह बात रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने कही है। उल्लेखनीय है कि यूक्रेन पर हमले के विरोध में रूस पर प्रतिबंध लगाने में यूरोपीय देश अमेरिका के साथ हैं। जबकि यूरोपीय देश ही रूसी गैस के सबसे बड़े उपभोक्ता हैं।
Tags:    

Similar News