ईरान/इजरायल। ईरान-इजरायल के बीच जंग वक्त के साथ और भीषण होती जा रही है. ईरान-इजरायल के बीच लड़ाई छठे दिन में प्रवेश कर गई है. अब जानकारी आ रही है कि ईरान ने इजरायल पर किए हालिया हमले में हाइपरसोनिक मिसाइलें दागीं हैं. ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने बुधवार को कहा कि इजरायल पर हुए हालिया हमले के दौरान हाइपरसोनिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया. सरकारी टीवी द्वारा जारी एक बयान में गार्ड्स ने दावा किया कि फत्ताह-1 मिसाइलों का इस्तेमाल करके ऑपरेशन ऑनेस्ट प्रॉमिस 3 की 11वीं वेव को अंजाम दिया गया. बयान में दावा किया गया है कि ईरानी बलों ने कब्जे वाले इलाकों के आसमान पर पूरा नियंत्रण हासिल कर लिया है.
बता दें कि इजरायल और ईरान के बीच फिर से हवाई हमले शुरू होने के बीच इंटरनेशनल एटोमिक एनर्जी एजेंसी (IAEA) ने पुष्टि की है कि ईरान की एक परमाणु सुविधा को निशाना बनाया गया है. राष्ट्रपति ट्रंप का दावा है कि अमेरिका का ईरान के एयरस्पेस पर फुल कंट्रोल हो चुका है. ईरान का कहना है कि उसने तेल अवीव में एक प्रमुख खुफिया केंद्र को निशाना बनाया है, जबकि इजरायल ने पुष्टि की है कि नागरिक और सैन्य ठिकानों पर हमले किए गए हैं. भारत ने ईरान में फंसे छात्रों को स्थानांतरित कर दिया है और ईरानी हवाई क्षेत्र से फ्लाइट्स को डायवर्ट कर दिया गया है. हैदराबाद से असदुद्दीन ओवैसी ने विदेश मंत्रालय से इराक में फंसे 120 भारतीयों को निकालने की गुजारिश की है.
ईरान में लगातार पांचवें दिन धमाके हुए और मिसाइलों से इजरायल पर भी हमला किया गया, जिसमें कथित तौर पर तेल अवीव में मोसाद दफ्तर को निशाना बनाया गया और तेहरान में एक अधिकारी की हत्या की गई. ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, ईरान पर इजराइल के हमलों से जान गंवाने वालों की तादाद 220 से ज्यादा हो गई है, जिसमें करीब 70 महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. इजरायल पर किए गए ईरानी हमलों में 20 से ज्यादा लोग मारे गए हैं.