अध्ययन में दावा: शुगर को कम करने से लेकर वजन घटाने तक, कई रोगों में मददगार है मखाना

हम में से ज्यादातर लोगों के लिए वजन कम करना बड़ी चुनौती बनी हुई है।

Update: 2021-08-13 17:00 GMT

हम में से ज्यादातर लोगों के लिए वजन कम करना बड़ी चुनौती बनी हुई है। बढ़े हुए वजन की समस्या न सिर्फ शारीरिक, साथ ही मानसिक रूप से भी लोगों को परेशान करती है। मौजूदा समय में खराब जीवनशैली और खान-पान पर ध्यान न रखने के कारण लोगों में मोटापे की समस्या तेजी से बढ़ रही है। बढ़े हुए वजन की समस्या हृदय रोगों के खतरे को बढ़ाने के साथ मधुमेह के रोगियों की जटिलताओं को भी बढ़ा सकती है। तो क्या कोई ऐसा आहार है जिसका सेवन इन तीनों समस्याओं से आसानी से छुटकारा दिला सकता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक लगभग हर घर में आसानी से उपलब्ध मखाना इन तीनों समस्याओं को ठीक करने का सबसे बेहतर आहार हो सकता है। भारत में लोग व्रत के दौरान मखाने का सेवन अधिक करते हैं। सामान्य तौर पर उपवास के दौरान सेवन किए जाने वाले आहारों को सेहत को ध्यान में रखकर ही सुझाया जाता है, क्योंकि यह लोगों के लिए ऊर्जा का एकमात्र स्रोत होते है। आइए आगे की स्लाइडों में जानते हैं कि आखिर मखाने के कौन से गुण इसे इतना खास बनाते हैं?
सेहत के लिए फायदेमंद है मखाना
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक मखाने को प्रोटीन और फाइबर का समृद्ध स्रोत माना जाता हैं। इन्हें आहार में अवश्य शामिल किया जाना चाहिए। मखाने का सेवन लोगों को पेट भरा हुआ एहसास दिलाती है, जिससे अतिरिक्त खाने की इच्छा कम होती है। इस तरह से कैलोरी की मात्रा को कम किया जा सकता है। यह सीधे वजन को प्रभावित करता है। मखाने का सेवन कई तरह से किया जा सकता है, स्वस्थ्य के लिए इसे एक अच्छा स्नैक माना जाता रहा है। आप एक कटोरी दूध में मखाना डालकर भी इसे नाश्ते में सेवन कर सकते हैं। दूध से साथ मखाने की शक्ति और बढ़ जाती है।
हृदय और त्वचा के लिए फायदेमंद
मखाने को फ्लेवोनोइड्स जैसे एंटीऑक्सिडेंट का एक अच्छा स्रोत माना जाता है। एंटीऑक्सिडेंट्स शरीर को तमाम प्रकार के रोगों से सुरक्षा दे सकते हैं। इसके अलावा इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी मौजूद होते हैं जो हृदय के स्वास्थ्य को लाभ पहुंचा सकते हैं। इसके अलावा एंटीऑक्सिडेंट की उपस्थिति के कारण मखाने का सेवन त्वचा के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है।
डायबिटीज रोगियों को करना चाहिए मखाने का सेवन

स्वास्थ्य विशेषज्ञों को मुताबिक मखाना, ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है। ग्लाइसेमिक इंडेक्स में कम होने के कारण डायबिटीज रोगियों के लिए यह उत्तम आहार हो सकता है। पबमेड सेंट्रल जर्नल में प्रकाशित अध्ययन में मखाने को ब्लड शुगर के नियंत्रण में काफी लाभकारी बताया गया है। चूंकि मखाने में फाइबर की मात्रा भी अच्छी होती है, यह गुण भी इसे डायबिटीज रोगियों के लिए उपयुक्त बनाता है।
हड्डियों को स्वस्थ बनाए रखने में मददगार
स्वास्थ्य विशेषज्ञों को मुताबिक मखाने में कैल्शियम और मैग्नीशियम भी प्रचुर मात्रा में पाई जाती है, जो हड्डियों के स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए आवश्यक हैं। स्वस्थ हड्डियों, दांतों और जोड़ों की समस्याओं से परेशान रोगियों के लिए रोजाना मखाने का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है। मखाने में मौजूद गुण इसे शरीर के लिए कई तरीकों से फायदेमंद बनाते हैं।


Tags:    

Similar News