Underworld: लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल गिरफ्तार, भारत लाया जा रहा
गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजा
Delhi दिल्ली: भारत की सुरक्षा एजेंसियों को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई और कुख्यात अपराधी अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से भारत लाया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, अनमोल को बुधवार सुबह करीब 10 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लाया जा सकता है, जहां उतरते ही उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया जाएगा। अनमोल बिश्नोई लंबे समय से फरार था और फर्जी दस्तावेजों की मदद से भारत से भागकर विदेश में छिपा हुआ था। उसकी लोकेशन कुछ महीने पहले अमेरिका में ट्रेस हुई, जिसके बाद भारतीय एजेंसियों ने लगातार प्रयासों से उसकी गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण सुनिश्चित किया। माना जा रहा है कि उसकी गिरफ्तारी और पूछताछ से कई हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच को नई दिशा मिलेगी।
.
अनमोल पर मुंबई के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश में शामिल होने का गंभीर आरोप है। इतना ही नहीं, अभिनेता सलमान खान के घर पर हुई गोलीबारी की योजना भी उसी ने विदेश में बैठकर तैयार की थी। यह वही घटना है, जिसने पूरे देश में हलचल मचा दी थी और सुरक्षा एजेंसियों को बिश्नोई गैंग के नेटवर्क पर बड़ा अभियान चलाना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, अनमोल बिश्नोई लंबे समय से विदेश में बैठकर भारत में एक्सटॉर्शन, धमकी, फायरिंग और अपराध की गतिविधियां संचालित कर रहा था। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का प्रमुख ऑपरेटर माना जाता है, जो विदेश में रहते हुए सोशल मीडिया और इंटरनेट कॉल्स के जरिए अपने गिरोह को निर्देश देता था।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद अनमोल बिश्नोई देश से फरार हो गया था और तब से लगातार लोकेशन बदल रहा था। उसके खिलाफ हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और महाराष्ट्र में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि उसके भारत लौटने के बाद गैंगस्टर नेटवर्क की फंडिंग, सप्लाई चैन, विदेशी लॉजिस्टिक्स और ऑपरेशन से जुड़े कई अहम राज़ सामने आ सकते हैं। अनमोल को भारत लाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी रणनीतिक सफलता मानी जा रही है। यह भी उम्मीद है कि उसकी गिरफ्तारी से सलमान खान फायरिंग केस, बाबा सिद्दीकी मर्डर प्लान और एक्सटॉर्शन रैकेट जैसे मामलों की परतें खुलेंगी और कई सह-आरोपियों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी। देश की जांच एजेंसियाँ अब उसकी कस्टडी से महत्वपूर्ण सुराग हासिल करने की तैयारी में जुट गई हैं।