पत्नी की हत्या कर कुएं में फेंका शव, बच्चों को ट्रेन में छोड़ा, नौ साल बाद पति दोषी करार
कुएं में मिला था महिला का शव
कन्नूर। केरल के कन्नूर जिले के इरिट्टी में करीब नौ साल पुराने महिला हत्याकांड में थलास्सेरी की अतिरिक्त जिला अदालत ने कर्नाटक निवासी मंजुनाथ पीआर को दोषी करार दिया है। न्यायाधीश डेनी सीजे ने गुरुवार को उसे पत्नी की हत्या, सबूत मिटाने और बच्चों के साथ क्रूरता करने का दोषी पाया। अदालत शुक्रवार, 27 नवंबर को सजा सुनाएगी। फिलहाल दोषी को न्यायिक हिरासत में कन्नूर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।
मामला जनवरी 2017 का है। इरिट्टी के पुराने पुल के पास एक कुएं में कर्नाटक के तुमकुरु निवासी शोभा का शव मिला था। शुरुआत में पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया था। हालांकि, जांच में महिला की गला घोंटकर हत्या किए जाने का खुलासा हुआ।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, शोभा अपने दो बच्चों के साथ मंजुनाथ के साथ रहती थी। दोनों के बीच कर्नाटक लौटने को लेकर विवाद हुआ था। इसके अलावा शोभा के पहले पति राजू की कथित हत्या का मामला उजागर होने का डर भी वारदात की वजह बताया गया।
जांच में सामने आया कि मंजुनाथ ने 14 जनवरी 2017 को शोभा की हत्या कर उसका शव कुएं में फेंक दिया था। इसके बाद वह महिला के चार और पांच वर्षीय बच्चों को बेंगलुरु ले गया, जहां उन्हें मुंबई जाने वाली ट्रेन में अकेला छोड़ दिया। पुलिस ने बाद में दोनों बच्चों को मुंबई में खोज निकाला।
जांच के दौरान शोभा के पहले पति राजू की वर्ष 2015 में हुई कथित हत्या का मामला भी सामने आया। इसकी अलग से जांच कर्नाटक पुलिस कर रही है। करीब नौ साल पुराने शोभा हत्याकांड में अदालत ने अब मंजुनाथ को दोषी करार दिया है। शुक्रवार को उसकी सजा का ऐलान किया जाएगा।