चंडीगढ़। चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में गुरुवार को बीटेक प्रथम वर्ष के एक छात्र का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान जम्मू-कश्मीर निवासी आर्यन के रूप में हुई है। वह यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (UIET) में पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, आर्यन विश्वविद्यालय के हॉस्टल नंबर-5 में रहता था। गुरुवार को उसका रूममेट किसी काम से बाहर गया हुआ था। दोपहर में जब वह वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद रूममेट ने हॉस्टल के सुरक्षाकर्मी को सूचना दी। गार्ड की मदद से दरवाजा खोला गया, जहां आर्यन संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छात्र को सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया गया।
पुलिस ने छात्र के कमरे की तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस हॉस्टल में रहने वाले अन्य विद्यार्थियों, मृतक के दोस्तों और करीबियों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल छात्र की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन की विस्तृत प्रतिक्रिया की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
Tags: