नौकरी छोड़ BJP के टिकट पर लड़ा चुनाव, मिले सिर्फ 8 वोट, पति ने लिखा- 'संजू, मुझे माफ करना'
BJP के टिकट पर लड़ा चुनाव, आठ वोटों पर सिमटीं संजू मीणा
अलवर। राजस्थान के अलवर में जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा प्रत्याशी संजू मीणा की हार के बाद उनके पति और सरस डेयरी के पूर्व चेयरमैन बन्नाराम मीणा की भावुक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है। पत्नी को जिला प्रमुख नहीं बनवा पाने पर उन्होंने फेसबुक पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। हालांकि, बाद में उन्होंने यह पोस्ट डिलीट कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, संजू मीणा लेक्चरर के पद पर कार्यरत थीं। उनकी नौकरी के करीब 13 वर्ष शेष थे। जिला प्रमुख का चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) लेकर राजनीति में कदम रखा था। चुनाव से करीब एक महीने पहले उन्होंने नौकरी छोड़ी थी।
भारतीय जनता पार्टी ने संजू मीणा को अलवर जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया था। बन्नाराम मीणा ने अपनी पत्नी को चुनाव जिताने के लिए पूरी ताकत लगाई, लेकिन चुनाव परिणाम उनके पक्ष में नहीं आया। संजू मीणा को मात्र आठ वोट मिले और कांग्रेस प्रत्याशी ने उन्हें 23 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। चुनाव में हार के बाद बन्नाराम मीणा ने फेसबुक पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “संजू, मुझे माफ करना, आपको जिला प्रमुख नहीं बनवा पाया।”
उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। हालांकि, बाद में उन्होंने इसे हटा दिया। बन्नाराम मीणा ने बताया कि चुनाव में हार के बाद उनकी पत्नी निराश थीं, जिसके चलते उन्होंने भावुक होकर यह पोस्ट लिखी थी। सरकारी नौकरी छोड़कर राजनीतिक मैदान में उतरीं संजू मीणा की चुनावी हार और उनके पति की भावुक प्रतिक्रिया अब चर्चा में है।