नेरचौक. चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर नागचला और डडौर के बीच दोलख के समीप मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। इस भीषण टक्कर में बाइक पर सवार तीन दोस्तों में से दो की मौत हो गई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है, जिसका नेरचौक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों मृतक मंडी सदर के मराथु क्षेत्र के रहने वाले थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना तकरीबन सुबह 11:15 बजे हुई। बाइक पर सवार तीनों युवक मंडी से सुंदरनगर की तरफ जा रहे थे।
इसी दौरान दोलख गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार 21 वर्षीय प्रदीप कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। अन्य दो घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दूसरे युवक राजीव कुमार ने भी दम तोड़ दिया। घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नागचला के पास हुए इस हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है।