दुकान में चोरी का चंद घंटों में खुलासा, 3 लाख की चोरी, आरोपी गिरफ्तार
छग
Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में किराना दुकान में हुई नकबजनी की वारदात का पुलिस ने महज कुछ घंटों में खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब तीन लाख रुपये मूल्य का चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, चिंगराजपारा निवासी आशीष साहू (43 वर्ष) ने 16 जुलाई को थाना सरकंडा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि हर्ष किंगडम के सामने स्थित उनकी गोपाल किराना दुकान में 15 और 16 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात चोर ने पीछे का कुंदा उखाड़कर दुकान में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, चोर दुकान के गल्ले में रखे 2 लाख 50 हजार रुपये नकद, एक सैमसंग स्मार्ट वॉच, एयरफोन, चांदी के सिक्के और मूर्तियां, साथ ही पैन कार्ड, आधार कार्ड और आरसी बुक सहित करीब 3 लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गया।
सुबह दुकान पहुंचने पर घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद सरकंडा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सबसे पहले घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अशोक नगर शिव मंदिर के पास रहने वाला शुभम यादव (24 वर्ष) चोरी का सामान अपने पास छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने नशे की हालत में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर दुकान का कुंदा तोड़कर चोरी की थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए 2.50 लाख रुपये नकद, सैमसंग स्मार्ट वॉच, एयरफोन, चांदी के सिक्के और मूर्तियां सहित अन्य सभी सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए तरीके और आरोपी की गतिविधियों की भी जांच की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चोरी गया लगभग पूरा सामान बरामद कर लिया गया है, जिससे शिकायतकर्ता को बड़ी राहत मिली है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। सरकंडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी की पूरी संपत्ति की बरामदगी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस पूरे अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार आर्य, सहायक उपनिरीक्षक भरत लाल राठौर, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह तथा आरक्षक आफाक खान, संजीव जांगड़े और विवेक राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। चोरी और नकबजनी जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।