Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने के आरोप में सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजा तालाब स्थित मटन मार्केट के पास आम रास्ते पर हाथ में बटनदार धारदार चाकू लेकर लोगों को धमका रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने युवक के कब्जे से स्टील का बटनदार धारदार चाकू जब्त किया है। आरोपी की पहचान ऐंजिल नंद (23 वर्ष), पिता नैन प्रकाश नंद, निवासी राजा तालाब, पंडरी माता गैरेज के पास, थाना सिविल लाइन, रायपुर के रूप में हुई है।

टाउन भ्रमण के दौरान पुलिस को मिली सूचना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाने में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक अपने हमराह स्टाफ आरक्षक क्रमांक 2666 हितेश नेताम और आरक्षक क्रमांक 293 वीरेंद्र गायकवाड़ के साथ शासकीय वाहन क्रमांक CG03A1002 से थाना क्षेत्र में टाउन भ्रमण पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राजा तालाब मटन मार्केट के पास आम रास्ते पर एक युवक धारदार चाकू लेकर घूम रहा है। युवक ने बैंगनी रंग का जैकेट और नीली जींस पहन रखी थी। सूचना के मुताबिक, वह हाथ में चाकू लहराते हुए आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल राजा तालाब मटन मार्केट की ओर रवाना हुई।

मटन मार्केट के पास चाकू लहराते मिला युवक
पुलिस टीम जब राजा तालाब मटन मार्केट के पास पहुंची, तो मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक युवक दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार, युवक अपने हाथ में स्टील का बटनदार धारदार चाकू लेकर उसे लहरा रहा था और रास्ते से गुजरने वाले लोगों को डरा-धमका रहा था। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों की उपस्थिति में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई।

पूछताछ में सामने आई आरोपी की पहचान
पुलिस ने मौके पर मौजूद प्रहलाद दीप और मोहन थरवानी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 179 के तहत नोटिस देकर कार्रवाई में सहयोग करने के लिए कहा। दोनों की सहमति के बाद पुलिस ने पकड़े गए युवक से उसका नाम और पता पूछा। पूछताछ में युवक ने अपना नाम ऐंजिल नंद, पिता नैन प्रकाश नंद, उम्र 23 वर्ष बताया। वह राजा तालाब स्थित पंडरी माता गैरेज के पास का रहने वाला है। पुलिस ने युवक के कब्जे से एक स्टील का बटनदार धारदार चाकू बरामद किया।

24 सेंटीमीटर लंबा धारदार चाकू जब्त
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से बरामद चाकू की कुल लंबाई 24 सेंटीमीटर है। इसमें धारदार फल की लंबाई साढ़े 10 सेंटीमीटर और लकड़ी के मुठ की लंबाई साढ़े 13 सेंटीमीटर है। चाकू के फल की चौड़ाई तीन सेंटीमीटर बताई गई है। जब्त चाकू की अनुमानित कीमत 800 रुपए है। पुलिस ने चाकू को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी ऐंजिल नंद को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 94 के तहत नोटिस देकर चाकू रखने से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। इस पर आरोपी ने अपने पास कोई वैध दस्तावेज नहीं होने की जानकारी लिखित रूप में दी। इसके बाद पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की।
Tags: