छत्तीसगढ़
CG में पटवारियों की 41 दिन पुरानी हड़ताल खत्म, देखें VIDEO...
Shantanu Roy
22 Nov 2026 12:40 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 41 दिनों से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार स्थगित हो गई है। प्रदेशभर के पटवारी 13 अक्टूबर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रांतीय राजस्व पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संघ की मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद पटवारी संघ ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित करने की घोषणा कर दी है।
मुख्यमंत्री से चार सूत्रीय मांगों पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री निवास में हुई महत्वपूर्ण बैठक के दौरान प्रांतीय राजस्व पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के समक्ष संगठन की चार सूत्रीय मांगों को विस्तार से रखा। प्रतिनिधिमंडल ने पटवारियों की समस्याओं और हड़ताल के दौरान हुई प्रशासनिक कार्रवाइयों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। मुख्यमंत्री ने संघ की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों के खिलाफ की गई प्रशासनिक कार्रवाइयों को निरस्त करने के लिए सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया जाएगा। इसके साथ ही वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़े मामलों के समाधान के लिए तत्काल कमेटी गठित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पटवारियों पर हुई कार्रवाई निरस्त करने का भरोसा
पटवारी संघ के लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में हड़ताल के दौरान की गई प्रशासनिक कार्रवाइयां भी शामिल थीं। संघ लगातार इन कार्रवाइयों को वापस लेने की मांग कर रहा था। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि इस संबंध में सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए जाएंगे। इसके अलावा संघ ने हड़ताल अवधि का वेतन प्रदान करने का भी आग्रह किया है। मुख्यमंत्री के साथ हुई बातचीत के बाद संगठन ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। हालांकि, हड़ताल अवधि के वेतन भुगतान को लेकर अंतिम निर्णय की जानकारी सामने नहीं आई है।
छत्तीसगढ़ में 40 दिन से चली आ रही पटवारियों की हड़ताल स्थगित CM @vishnudsai से मुलाकात के बाद हड़ताल स्थगित 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे पटवारी #Chhattisgarh #PatwariStrike https://t.co/2NeO8SH39i
— Anshuman Sharma (@anshuman_sunona) November 22, 2026
मुख्यमंत्री निवास में मौजूद रहे संघ के पदाधिकारी
राजस्व पटवारी संघ के प्रदेश महामंत्री सतीश चंद्राकर ने बताया कि मुख्यमंत्री निवास में हुई इस महत्वपूर्ण चर्चा के दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला विशेष रूप से मौजूद रहे। पटवारी संघ की ओर से प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप, कार्यकारी अध्यक्ष ज्योतिष सर्वे, कोषाध्यक्ष प्रमोद टंडन, महामंत्री सतीश चंद्राकर, उपाध्यक्ष आलोक तिवारी, मुरली मनोहर वर्मा, देव कश्यप और गुरु दीवान प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष कर्मचारियों की समस्याओं को रखा और उनके समाधान की मांग की। मुख्यमंत्री की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद संगठन ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की।
41 दिनों की हड़ताल से राजस्व कार्य हुए प्रभावित
गौरतलब है कि प्रदेशभर के पटवारी 13 अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल पर पटवारी संघ के सदस्य लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। इस लंबी हड़ताल का सीधा असर राजस्व विभाग के कामकाज पर पड़ा। प्रदेश के विभिन्न जिलों में जमीन के नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और गिरदावरी से संबंधित हजारों प्रकरण लंबित हो गए थे। राजस्व संबंधी कार्यों के लिए लोगों को तहसील कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे थे।
किसानों और विद्यार्थियों को मिलेगी बड़ी राहत
पटवारियों की हड़ताल से किसानों के साथ विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र बनवाने के लिए जरूरी पटवारी प्रतिवेदन तैयार नहीं होने से कई लोगों के काम अटक गए थे। वहीं किसानों को जमीन से जुड़े राजस्व मामलों के निराकरण के लिए इंतजार करना पड़ रहा था। अब हड़ताल स्थगित होने से राजस्व विभाग का कामकाज सामान्य होने की उम्मीद है। पटवारियों के काम पर लौटने के बाद लंबित नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, गिरदावरी और प्रमाणपत्र संबंधी मामलों के निराकरण में तेजी आ सकेगी। इससे प्रदेश के किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
Tagsछत्तीसगढ़ पटवारी हड़तालCM विष्णु देव सायपटवारी संघ छत्तीसगढ़41 दिन की हड़तालपटवारी वेतन विसंगतिरायपुर राजस्व विभागपटवारी हड़ताल खत्मपटवारी हड़ताल स्थगितChhattisgarh Patwari strikeCM Vishnu Deo SaiChhattisgarh Patwari Association41-day strikesalary anomalies among PatwarisRaipur Revenue Departmentend of Patwari strikesuspension of Patwari strike
Next Story





