Kangra. कांगड़ा। लंबे जद्दोजहद के बाद कांगड़ा घाटी रेल सेवा चालू होने जा रही है। पुनस्र्थापित कांगड़ा नैरो गेज रेल सेवा का उद्घाटन दो जून मंगलवार सुबह कांगड़ा क्षेत्र के सांसद राजीव भारद्वाज व हमीरपुर क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर कांगड़ा क्षेत्र के विधायक पवन काजल की मौजूदगी में करेंगे। उल्लेखनीय है कि लंबे समय से कांगड़ा घाटी के लोग इस रेल सेवा के शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। अब वह घड़ी आ गई है जब इस ट्रेन को दोबारा चालू किया जा रहा है। करीब चार साल पहले चक्की पुल के बह जाने के बाद इस रेल सेवा को बंद कर दिया गया था। बाद में यह ट्रेन नूरपुर से रानीताल या अन्य रूट पर चलाई गई । पठानकोट से यह रेल सेवा चार साल तक दूर रही, अब इसके चालू होने से लोगों में खुशी की लहर है। दीगर है कि कांगड़ा घाटी की लगभग 50 फीसदी आबादी पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल सेवा पर ही निर्भर है ।अधिकांश माता के भक्त भी पठानकोट से कांगड़ा देवी के लिए इसी ट्रेन पर पहुंचते हैं। यहां आने वाले पर्यटक भी इस रेल पर सफर कर रोमांच महसूस करते हैं।
पिछले चार सालों से इस रेल सेवा के बंद होने की वजह से भारी दिक्कत लोगों को झेलनी पड़ी थी। इस वजह से रेलवे विभाग को जन आंदोलन का सामना भी करना पड़ा। यही नहीं, यह मुद्दा पीएमओ कार्यालय तक भी पहुंचा और लोगों ने इसे लेकर रोष प्रकट किया। लोग संघर्ष पर डटे रहे, लेकिन रेलवे विभाग वर्षों से सोया रहा। खैर लंबे अरसे के बाद पहले पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल के ट्रायल हुए उसके बाद इसे मुकम्मल चालू किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि मामूली रेल ट्रैक खराब होने की वजह से रेल सेवा को बंद करने के बजाय उसे तत्काल दुरुस्त किया जाना चाहिए, क्योंकि अधिकांश लोग इस रेल सेवा पर निर्भर हैं । रेल सेवा बंद होने से गरीब तबके के लोगों को महंगे किराए खर्च कर बस व टैक्सी में इधर से उधर जाना पड़ता था। पठानकोट से जोगिंद्रनगर तक कई स्टेशन तो ऐसे हैं, जहां से रेल सेवा ही एकमात्र साधन है। यही कारण रहा की लोगों में इस रेल सेवा के बंद होने से नाराजगी थी। लोगों की यह नाराजगी गुस्से में बदली और लोग जन आंदोलन पर उतारू हो गए सरकारों से शिकायतें भी हुई मामला प्रधानमंत्री कार्यालय तक भी पहुंचा । लोग इस रेल सेवा को चालू करवाने को लेकर सांसदों से भी मिले। कांगड़ा क्षेत्र के सांसद राजीव भारद्वाज ने इस मुद्दे पर दिलचस्पी दिखाई और रेलवे विभाग से संपर्क साधा तब कहीं जाकर रेलवे विभाग हरकत में आया और यह ट्रेन चालू की जा रही है।