Raipur. रायपुर। रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में एक युवक ने पड़ोसी पर गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, ताजनगर पंडरी निवासी और टाटीबंध चौक स्थित इलेक्ट्रोड फ्लुड कंपनी में सर्विस इंजीनियर के पद पर कार्यरत युवक ने बताया कि वह 3 जुलाई 2026 की रात करीब 12:15 बजे अपनी मोपेड को ताजनगर चौकी के पास गली में खड़ी कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला वसीम वहां पहुंचा।
पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा। पीड़ित के अनुसार आरोपी ने गाली-गलौच करते हुए मां-बहन के लिए अश्लील शब्दों का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे युवक के चेहरे, सीने, पीठ, दोनों हाथ और पैरों में चोटें आईं और वह घायल हो गया। घटना को वहां मौजूद मोहन थरवानी और अन्य लोगों ने देखा और सुना। पीड़ित का कहना है कि आरोपी द्वारा की गई गाली-गलौच और मारपीट से उसे गहरी मानसिक और शारीरिक चोट पहुंची है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि यह पूरी घटना पुरानी रंजिश के कारण की गई है। घटना के बाद उसने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपी की तलाश भी शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पहले भी छोटे विवाद होते रहे हैं, लेकिन इस तरह की मारपीट की घटनाएं चिंता का विषय हैं।