कोरिया में डायल 112 के जवानों से मारपीट, पत्नी से विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस
गिरफ्तार
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में डायल 112 के पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और झूमाझटकी का मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के बरपारा इलाके में पत्नी से विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ एक युवक ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। आरोपी नशे की हालत में था और पुलिसकर्मियों के समझाने पर भी शांत नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात डायल 112 टीम को सूचना मिली थी कि बरपारा निवासी दारा सिंह चौहान अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहा है। इसके अलावा वह पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां आरोपी दारा सिंह नशे की हालत में मिला।
पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को समझाने और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, आरोपी ने पुलिस की बात मानने के बजाय उनके साथ ही गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान उसने डायल 112 टीम में तैनात आरक्षक सुभाष मरकाम के साथ झूमाझटकी करते हुए मारपीट कर दी। आरक्षक के साथ मारपीट होते देख टीम के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी झूमाझटकी और मारपीट की। पुलिसकर्मियों के साथ हुए इस विवाद के बाद टीम ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया और थाने लेकर पहुंची।
पुलिस ने आरक्षक सुभाष मरकाम की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी दारा सिंह चौहान के खिलाफ धारा 121(1), 221(1), 132, 296, 351(3) और 352 के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी दारा सिंह चौहान मूल रूप से मध्यप्रदेश के सतना जिले के रघुराजनगर का रहने वाला है। वर्तमान में वह बैकुंठपुर में किराए के मकान में रहकर काम करता है। आरोपी को आदतन बदमाश बताया गया है।
बताया गया है कि आरोपी पहले भी नशे की हालत में अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। दीपावली की रात भी पत्नी के साथ विवाद और जान से मारने की धमकी देने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।