सरगुजा में जमीन का फर्जीवाड़ा, पटवारी समेत चार पर FIR के निर्देश
साढ़े पांच एकड़ सरकारी जमीन की अवैध बिक्री
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी कर करीब साढ़े पांच एकड़ सरकारी जमीन को निजी नाम पर दर्ज कराने और उसकी खरीद-बिक्री करने का मामला सामने आया है। जांच में गड़बड़ी उजागर होने के बाद कलेक्टर अजीत वसंत ने तत्कालीन पटवारी समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जमीन को दोबारा सरकारी मद में दर्ज करने का आदेश दिया है।
दरिमा तहसील के ग्राम दरिमा स्थित खसरा नंबर 1322/2 की 2.202 हेक्टेयर भूमि के संबंध में शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने तहसीलदार से जांच कराई थी। जांच में राजस्व रिकॉर्ड में कूटरचना किए जाने का खुलासा हुआ। जांच प्रतिवेदन के मुताबिक, सिंहदेव योजना के अंतर्गत वर्ष 1968-69 में चंदर पिता बजरंग पनिका को खसरा नंबर 1322 की 2.76 एकड़ भूमि का शासकीय पट्टा प्रदान किया गया था। वर्ष 2016-17 के राजस्व अभिलेख में इस भूमि का रकबा 1.117 हेक्टेयर दर्ज था।
इसके बाद मूल खसरे के रकबे में कमी किए बिना खसरा नंबर 1322/2 सृजित कर 2.202 हेक्टेयर भूमि बलीराम पिता रामप्रसाद के नाम दर्ज कर दी गई। जांच में इस प्रविष्टि के संबंध में किसी सक्षम अधिकारी का आदेश या अनुमोदन नहीं मिला। जांच प्रतिवेदन में खसरा नंबर 1322/2 का कोई विधिक अस्तित्व नहीं होने की बात सामने आई है।
इसके बाद 18 जुलाई 2023 को तत्कालीन पटवारी द्वारा ऑनलाइन राजस्व अभिलेखों में नामांतरण संबंधी प्रविष्टि की गई। वहीं, 11 सितंबर 2023 को पंजीकृत विक्रय पत्र के माध्यम से उक्त जमीन आजाद इराकी और रामाशंकर सिंह को बेच दी गई। जांच के आधार पर कलेक्टर ने विक्रेता बलीराम, क्रेता आजाद इराकी और रामाशंकर सिंह सहित तत्कालीन पटवारी अनिरुद्ध कुमार पैकरा के खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। इसके अलावा कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को जमीन की रजिस्ट्री निरस्त कराने के लिए सिविल वाद दायर करने और राजस्व रिकॉर्ड से अवैध प्रविष्टि हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।