जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 हजार 190 रुपए नकद, 52 पत्ती ताश और एक पीले रंग का प्लास्टिक तिरपाल जब्त किया गया है। सभी आरोपी पत्थलगांव-जशपुर रोड किनारे स्थित विश्वकर्मा बॉडी गैरेज के पास बैठकर काट पत्ती नाम का जुआ खेल रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर की रात पत्थलगांव पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि विश्वकर्मा बॉडी गैरेज के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सात लोगों को जुआ खेलते पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के पलामू जिले के रहने वाले गुरुदेव विश्वकर्मा (26), वशिष्ठ कुमार विश्वकर्मा (36) और सुनेश कुमार भुइंया (19) शामिल हैं। तीनों फिलहाल पत्थलगांव में रह रहे हैं। इसके अलावा पुलिस ने पत्थलगांव निवासी सीताराम विश्वकर्मा (42), राहुल कुमार (25), राजू शर्मा (45) और पालीडीह निवासी वीर कौशिक (34) को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मौके से जुए में इस्तेमाल किए जा रहे 8,190 रुपए नकद, 52 पत्ती ताश और पीले रंग का प्लास्टिक तिरपाल जब्त किया है। सभी सात आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Tags: