बीरगांव निगम चुनाव से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 111 व्यक्तियों पर शिकंजा
छग
Raipur. रायपुर। आगामी बीरगांव नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया है। पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में दो दिनों तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान उपलब्ध पुलिस आंकड़ों के अनुसार 111 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत 45 और कोटपा अधिनियम के तहत 100 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए पुराने आपराधिक मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
उत्तर जोन के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान में उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह थाना क्षेत्रों को शामिल किया गया। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को संबंधित थानों में उपस्थित कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित व्यक्तियों को चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, कानून का पालन करने और किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधियों में शामिल नहीं होने की समझाइश दी। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उरला थाना पुलिस ने अभियान के दौरान प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत 10 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की। इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत एक प्रकरण में कार्रवाई की गई। सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू उत्पादों से संबंधित नियमों के उल्लंघन पर कोटपा अधिनियम के तहत 100 प्रकरणों में 100 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 10 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया। खमतराई थाना पुलिस ने भी विशेष अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत व्यापक कार्रवाई की। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 40 प्रकरणों में कार्रवाई की है। इसके अतिरिक्त दो प्रकरणों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए पुराने दो आपराधिक मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गुढ़ियारी थाना पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत चार प्रकरणों में कार्रवाई की। इसके साथ ही अपहरण के एक प्रकरण में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने अपहृत को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया। हालांकि, अपहरण के प्रकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को थाने में उपस्थित कराकर उनकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस ने उन्हें चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल नहीं होने और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी।
आगामी नगर निगम चुनाव के मद्देनजर उत्तर जोन पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जा रही है। अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों, सार्वजनिक स्थानों पर नियमों के उल्लंघन और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य चुनाव के दौरान नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष बनाए रखना है। इसी उद्देश्य से थाना स्तर पर प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी है। उत्तर जोन पुलिस ने आम नागरिकों से चुनाव के दौरान शांति, आपसी सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। नागरिकों से कहा गया है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा अवैधानिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। बीरगांव नगर निगम चुनाव के मद्देनजर पुलिस का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।