BBN. बीबीएन। चिलचिलाती धूप, गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान के बावजूद गुरुवार को गांवों में लोकतंत्र का उत्साह देखने लायक रहा। पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के तहत नालागढ़ और पट्टा ब्लॉक की 35 पंचायतों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। बुजुर्ग, महिलाएं, दिव्यांग और पहली बार मतदान करने वाले युवा पूरे उत्साह के साथ मतदान केंद्रों तक पहुंचे और गांव की सरकार चुनने में अपनी भागीदारी निभाई। सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही कई मतदान केंद्रों पर भीड़ उमडऩे लगी। ग्रामीण क्षेत्रों में दिनभर चुनावी माहौल बना रहा और लोगों ने भीषण गर्मी की परवाह किए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
प्रशासन भी मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहा। कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को राहत देने के लिए पानी और छाया की विशेष व्यवस्था की गई थी। मतदान के दौरान कई प्रेरणादायक दृश्य भी सामने आए। एक महिला अपने बुजुर्ग परिजन को पीठ पर उठाकर मतदान केंद्र पहुंची, जिसने सभी को भावुक कर दिया। कई दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाता वॉकर और सहारे के साथ मतदान करने पहुंचे। मतदान के बाद उन्होंने स्याही लगी उंगली दिखाकर लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी दर्ज करवाई। खेड़ा पंचायत की 71 वर्षीय निर्मला देवी, 92 वर्षीय रामेश्वरी देवी और कृष्णगढ़ पंचायत के 98 वर्षीय शक्त राम भारद्वाज ने मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी मजबूत आस्था दिखाई।