E-रिक्शा और स्कूटी चोरी का खुलासा, दो नाबालिग हिरासत में, एक आरोपी फरार
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र के खमतराई थाना इलाके में ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन चोरी के दो मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ई-रिक्शा और टीवीएस स्कूटी जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये बताई गई है। जानकारी के अनुसार, पहला मामला रावाभांठा क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी अजय यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने 27 जून 2026 की रात अपने घर के सामने ई-रिक्शा (क्रमांक CG 04 NT 0169) खड़ी की थी, जो अगली सुबह गायब मिली। शिकायत पर खमतराई थाने में अपराध क्रमांक 603/2026 दर्ज किया गया।
दूसरा मामला भी रावाभांठा और बंजारी नगर क्षेत्र का है, जहां पाल ट्रेडर्स के पास खड़ी टीवीएस स्कूटी (क्रमांक CG 04 QA 3039) चोरी हो गई थी। इस संबंध में दिलीप परिहार की शिकायत पर अपराध क्रमांक 601/2026 दर्ज किया गया। दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साथ ही मुखबिर तंत्र और तकनीकी जांच की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि दोनों घटनाओं को तीन लोगों ने मिलकर अंजाम दिया था, जिनमें से दो को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों विधि से संघर्षरत बालकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने एक साथी के साथ मिलकर ई-रिक्शा और स्कूटी चोरी की थी। उनकी निशानदेही पर चोरी का माल बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक पूर्व में हत्या के प्रयास के मामले में भी संलिप्त रहा है। वहीं तीसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। फिलहाल दोनों नाबालिगों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।