कोर्ट गोलीबारी मामले का फरार आरोपी पुलिस के शिकंजे में, कडेठाण से गिरफ्तार
19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
पुणे: शिवाजीनगर न्यायालय परिसर में दिनदहाड़े गोलीबारी और धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के बाद फरार आरोपी को यवत पुलिस ने दौंड तहसील के कडेठाण गांव से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रथमेश दीपक येणपुरे (19 वर्ष, निवासी कात्रज, पुणे, मूल निवासी पाबे, तहसील वेल्हा) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से पिस्तौल में इस्तेमाल होने वाली एक खाली मैगजीन बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुणे के शिवाजीनगर न्यायालय जैसे संवेदनशील स्थान पर गोलीबारी मामले में शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था, हालांकि वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। इस बीच यवत पुलिस को अपने सूत्र से एक विश्वसनीय सूचना मिली कि फरार आरोपी प्रथमेश येणपुरे यवत पुलिस थाना क्षेत्र के कडेठाण गांव की सीमा में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही यवत पुलिस की टीम ने गांव के पुलिस पाटिल विठ्ठल बारवकर और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से एक तलाशी अभियान चलाया और आरोपी को धर दबोचा।
आरोपी की तलाशी के दौरान उसके पास से देसी पिस्तौल में इस्तेमाल होने वाली एक लोहे की खाली मैगजीन बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को कानूनी कार्रवाई के लिए पुणे शहर पुलिस के हवाले कर दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल, अपर पुलिस अधीक्षक गणेश बिरादार तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी बापूराव धडस के मार्गदर्शन में यवत पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक संतोष तासगांवकर, सहायक पुलिस निरीक्षक सुधीर कदम, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक महेंद्र फणसे तथा पुलिस टीम ने की।